-विश्व विरासत सप्ताह: “अतीत से वर्तमान” बाल कला प्रदर्शनी में स्कूली बच्चों की बड़ी भागीदारी
वाराणसी।संवाददाता।
विश्व विरासत सप्ताह के अवसर पर भारत कला भवन, काशी हिन्दू विश्वविद्यालय में आयोजित “अतीत से वर्तमान” बाल कला प्रदर्शनी में गुरुवार को बड़ी संख्या में स्कूली छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। बच्चों द्वारा इतिहास, कला और विरासत पर आधारित मॉडलों तथा पर्यावरण–हितैषी सामग्रियों से निर्मित कलाकृतियों का यह अनोखा संग्रह आगंतुकों को अत्यंत आकर्षित कर रहा है।
आज के भ्रमण दिवस में GIC शेखूपुर (प्रतापगढ़), डालिम्स स्कूल रोहनिया, सनबीम स्कूल इंद्रानगर सहित कई विद्यालयों के विद्यार्थियों ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया। यहां प्रदर्शित प्राचीन मूर्तिकला के मॉडल, पौराणिक कथाओं के दृश्य, सांस्कृतिक विरासत से जुड़े विषयों पर आधारित रचनात्मक प्रस्तुतियाँ बच्चों और शिक्षकों के लिए प्रेरणादायक रहीं। विद्यार्थियों ने भारतीय इतिहास, पुरातात्विक धरोहर एवं शिल्पकला की विशेषताओं को निकट से समझा और अपनी जिज्ञासाओं को विशेषज्ञों से साझा किया।

आगंतुक शिक्षकों और विद्यार्थियों ने कहा कि यह प्रदर्शनी केवल जानकारीपूर्ण ही नहीं, बल्कि बच्चों में सृजनात्मकता, सांस्कृतिक चेतना और विरासत संरक्षण की भावना को प्रोत्साहित करने वाली है।
भारत कला भवन ने विश्व विरासत सप्ताह के दौरान विभिन्न विद्यालयों के स्वागत पर प्रसन्नता व्यक्त की और बताया कि ऐसी पहलें नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक जड़ों और समृद्ध धरोहर से जोड़ने में अत्यंत महत्वपूर्ण हैं।












