-विपक्षी दलों की बैठक के बाद ज्वाइंट प्रेस कांफ्रेंस में CM क्यों नहीं हुए शामिल ? नीतीश कुमार ने तोड़ी चुप्पी और दी गजब की सफाई
संवाददाता।पटना।
बेंगलुरू में विपक्षी दलों की बैठक के बाद प्रेस कांफ्रेंस में शामिल नहीं होने पर मुख्यमंत्री ने सफाई दी है. राजगीर मलमास मेला के उद्घाटन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नीतीश कुमार ने अपनी चुप्पी तोड़ी है. उन्होंने कहा कि मीडिया में गलत बात चल रही है. बेंगलुरू में विपक्षी दलों की मीटिंग में सारी बात मान ली गई थी. हमलोगों को लौटना था इसलिए पहले ही चले आये. नीतीश कुमार ने सफाई भी अजब-गजब दी है. कहा कि राजगीर आना था. इसी वजह से पहले चले आए।
राजगीर में सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि कल बहुत इंपॉर्टेंट मीटिंग थी. मीटिंग में हमलोगों ने सारी बात कह दिया है. इसलिए हम वहां से चले आए . ज्वाइंट प्रेस कॉन्फ्रेंस में शामिल नहीं होने पर नीतीश कुमार ने कहा कि हमको देर हो रहा था तो हम चले आए. हमको राजगीर आना था, इसलिए हम चले आए. मीटिंग के बाद प्रेस कांफ्रेंस में शामिल नहीं पर नाराजगी की खबर को मीडिया की उपज बताया. कहा कि मीडिया पर उधर के लोगों ने कब्जा जमा लिया है. मीडिया पर तो ऐसा ना नियंत्रण कर लिया है कि हमारा थोड़ा बहुत छाप देंगे. उधर से अंड बंड आएगा वही छापेंगे. अगले साल के चुनाव तक या इसी साल चुनाव करा देंगे, तब तक आपको(मीडिया) इधर-उधर करना होगा. लेकिन चुनाव के बाद आप लोग(मीडिया) स्वतंत्रता से काम करेगा।

मिली जानकारी के अनुसार विपक्षी गठबंधन के नाम लेकर सीएम नीतीश कुमार ने ‘भारत’ से संबंधित नाम रखने का सुझाव दिया था, लेकिन बेंगलुरु में विपक्षी दलों की बैठक के बाद कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने संवाददाता सम्मेलन में कहा कि हमारे गठबंधन का नाम ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव एलायंस (इंडिया)’ होगा. सभी ने एक स्वर में इस प्रस्ताव का समर्थन भी कर दिया, लेकिन इस प्रस्ताव पर सीएम नीतीश कुमार की नाराजगी की बात सामने आ रही है. इससे वह प्रेस कॉन्फ्रेंस शामिल नहीं हुए और सीधे पटना के लिए निकल गए।










