Advertisement

विद्यालय की जमीन पर हरे पेड़ों की अवैध कटाई, प्रभारी प्रधानाध्यापक ने थाने में दिया आवेदन

-विद्यालय की जमीन पर हरे पेड़ों की अवैध कटाई, प्रभारी प्रधानाध्यापक ने थाने में दिया आवेदन

मुजफ्फरपुर/बन्दरा।दीपक। प्रखंड के पटसारा स्थित राजकीय मध्य विद्यालय में लगे हरे पेड़ों की अवैध कटाई का मामला सामने आया है। विद्यालय की प्रभारी प्रधानाध्यापक निशा कुमारी ने शुक्रवार को हत्था थाना में आवेदन देकर अज्ञात लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।


दिए गए आवेदन में बताया गया है कि राजकीय मध्य विद्यालय पटसारा की तेलिया पोखर स्थित जमीन पर लगे हरे पेड़ों को बिना किसी पूर्व सूचना के कुछ अज्ञात लोगों द्वारा काट लिया गया। यह घटना विद्यालय प्रशासन के संज्ञान में आने के बाद तत्काल इसकी शिकायत थाने में की गई।
प्रभारी प्रधानाध्यापक ने मामले की गंभीरता को देखते हुए दोषियों की पहचान कर उनके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने का अनुरोध किया है। आवेदन के साथ भूमि अभिलेख, विद्यालय आमसभा में पारित प्रस्ताव तथा उपस्थित लोगों के हस्ताक्षर युक्त दस्तावेज भी संलग्न किए गए हैं।
स्थानीय स्तर पर इस घटना को लेकर आक्रोश देखा जा रहा है और लोग विद्यालय की संपत्ति की सुरक्षा को लेकर चिंता जता रहे हैं। अब इस मामले में पुलिस की कार्रवाई का इंतजार है।