Advertisement

वसंत पंचमी पर बाबा खगेश्वरनाथ मंदिर में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब, जलाभिषेक व दर्शन के लिए लगी भीड़

-वसंत पंचमी पर बाबा खगेश्वरनाथ मंदिर में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब, जलाभिषेक व दर्शन के लिए लगी भीड़

मुजफ्फरपुर। दीपक कुमार तिवारी।

शारदीय वसंत पंचमी के पावन अवसर पर क्षेत्र के अतिप्राचीन एवं ऐतिहासिक मुजफ्फरपुर जिले के बन्दरा प्रखण्ड क्षेत्र में स्थित बाबा खगेश्वरनाथ मंदिर, मतलुपुर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। अहले सुबह से ही दर्शन-पूजन एवं जलाभिषेक के लिए भक्तों का आना-जाना शुरू हो गया, जो देर शाम तक लगातार जारी रहा।
मंदिर परिसर से लेकर मेला परिसर तक श्रद्धालुओं की चहल-पहल बनी रही। क्षेत्र के विभिन्न गांवों एवं आसपास के इलाकों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु बाबा भोलेनाथ के दर्शन हेतु पहुंचे, जिससे पूरा इलाका भक्तिमय माहौल में सराबोर हो गया।


स्थानीय लोगों के अनुसार बाबा खगेश्वरनाथ मंदिर लगभग 500 वर्षों से भी अधिक पुराना है और यह मंदिर क्षेत्र की धार्मिक आस्था का प्रमुख केंद्र माना जाता है। मान्यता है कि मंदिर की अलौकिक शक्तियों के कारण यहां श्रद्धालुओं की आस्था समय के साथ और भी प्रगाढ़ होती चली गई है।
श्रद्धालुओं का कहना है कि बाबा के दरबार में सच्चे मन से मांगी गई मुरादें अवश्य पूरी होती हैं, यही कारण है कि विशेष पर्वों पर यहां भारी भीड़ देखने को मिलती है। वहीं मंदिर परिसर एवं आसपास के क्षेत्र के विकास को लेकर सरकार के स्तर पर भी समय-समय पर कई कार्य किए गए हैं।
वसंत पंचमी के अवसर पर पूरे मंदिर परिसर में भक्ति, श्रद्धा और उल्लास का अद्भुत संगम देखने को मिला।