-लोकतंत्र की सिपाही’ बनीं बोचहाँ की ICDS सेविकाएं! हर सेविका जोड़ेगी 60 वोटर, 6 नवंबर को शत-प्रतिशत मतदान का ‘महा-संकल्प
-जिला निर्वाचन अधिकारी के निर्देश पर ‘स्वीप’ अभियान के तहत शपथ ग्रहण। ‘पहले मतदान, फिर जलपान’ का संदेश देने के लिए सजी राष्ट्रीय रंगों की भव्य रंगोली।
मुजफ्फरपुर/बोचहां।संवाददाता।
मुजफ्फरपुर जिला के बोचहा में आगामी 6 नवंबर को होने वाले विधानसभा चुनाव में शत-प्रतिशत मतदान सुनिश्चित करने के लिए बोचहाँ में एक बड़ा और प्रभावी कदम उठाया गया है। जिला निर्वाचन अधिकारी के निर्देश पर सोमवार को बोचहाँ प्रखंड मुख्यालय स्थित समेकित बाल विकास परियोजना कार्यालय परिसर में मतदाता जागरूकता अभियान (स्वीप) के तहत हजारों मतदाताओं को प्रेरित करने के संकल्प के साथ, सभी आंगनवाड़ी सेविकाओं और सुपरवाइजरों ने सामूहिक और सशपथ मतदान करने का संकल्प लिया।
आईसीडीएस सुपरवाइजरों के नेतृत्व में एकत्रित हुईं सभी आंगनवाड़ी सेविकाओं ने आगामी विधानसभा चुनाव के लिए हर सेविका द्वारा ’60-60′ मतदाताओं को मतदान के लिए प्रेरित करने का महासंकल्प लिया।

इस अवसर को खास बनाने के लिए, कार्यकर्ताओं ने परिसर में राष्ट्रीय रंगों (तिरंगे) की सुंदर रंगोली बनाकर न सिर्फ परिसर को सजाया, बल्कि ‘पहले मतदान, फिर जलपान’ का सीधा और प्रभावी संदेश भी दिया। यह रंगोली तुरंत ही पूरे प्रखंड में जागरूकता का केंद्र बन गई।
सीडीपीओ अनीता जायसवाल ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा, आईसीडीएस कार्यकर्ता समाज की सबसे मजबूत कड़ी हैं। उनकी जमीनी पकड़ इस स्वीप अभियान को सफल बनाएगी। यह ’60-60′ का संकल्प लोकतंत्र को मजबूत करने की दिशा में एक ऐतिहासिक और मजबूत पहल है।











