Advertisement

लड़कियों को डरने की जरूरत नहीं है, पुलिस प्रशासन हमेशा उनके साथ है : सुषमा

चंपारण की खबर::

– लड़कियों को डरने की जरूरत नहीं है, पुलिस प्रशासन हमेशा उनके साथ है : सुषमा

– प्रशिक्षण कैंप में सौ ग्रामीण युवा लड़कियों को दिया गया आत्मरक्षा के टिप्स

मोतिहारी / राजन द्विवेदी।

पूर्वी चंपारण जिला में पहल परियोजना के अंतर्गत मोतिहारी प्रखंड के 100 युवा किशोरियों को लेकर नव युवक पुस्तकालय सभागार में आत्म सुरक्षा को लेकर आयोजित प्रशिक्षण कैंप सफलतापूर्वक आज दूसरे दिन संपन्न हो गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम सेंटर फॉर कैटलाईजिग चेंज के द्वारा किया गया। बता दें कि पूर्वी चंपारण जिला के मोतिहारी प्रखंड में पहल प्लस परियोजना का क्रियान्वयन किया जा रहा है। इस परियोजना के अंतर्गत पंचायत के महिला जनप्रतिनिधियों को महिलाओं एवं ल़डकियों से जुड़े विभिन्न सामाजिक मुद्दों यथा बाल विवाह, ल़डकियों की शिक्षा एवं स्वास्थ्य, लिंग आधारित भेदभाव, दहेज, महिलाओं एवं ल़डकियों की सुरक्षा आदि को लेकर जागरूक किया जा रहा है। ताकि वे इन मुद्दों पर प्रमुखता से आवाज उठा सकें।


इस कार्यक्रम का उद्घाटन संयुक्त रूप से अग्नि शमन पदाधिकारी जय जय मंडल, मोतिहारी महिला थानाध्यक्ष सुषमा कुमारी, नाका एक के थाना प्रभारी राजकुमार झा, सी थ्री के राज्य प्रमुख संदीप ओझा, प्रशिक्षिका सह अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ी सोनी कुमारी आदि ने किया।
प्रशिक्षण कैंप को संबोधित करते हुए महिला थाना अध्यक्ष सुषमा कुमारी ने लड़कियों को अपना नंबर देते हुए कहा की अगर किसी भी प्रकार की हिंसा या अन्य समस्या हो तो हमें सूचना दें। आपका परिचय गोपनीय रहेगा। साथ ही जरूरत पड़ने पर बेहिचक हमें कॉल करें। थाना प्रभारी राजकुमार झा ने लड़कियों को संबोधित करते हुए कहा की पुलिस से डरने की जरूरत नहीं। हम सब आपके सहयोग के लिए हैं । आत्म सुरक्षा की गुर सीखिए और अपने गांव की लड़कियों को भी सिखाएं। ताकि वो सभी में आत्म विश्वास जगे। अग्नि शमन पदाधिकारी जय जय मंडल ने लड़कियों को देश का भविष्य बताया। कहा कि सुरक्षा के दृष्टिकोण से यह प्रशिक्षण बहुत ही महत्वपूर्ण है।
सी थ्री के राज्य प्रमुख संदीप ओझा ने प्रतिभागियों को सी थ्री के कार्यों के बारे मे बताया और इस प्रशिक्षण के बाद ल़डकियों को अपने क्षेत्र के अन्य ल़डकियों को भी इस गुण को बताने के लिए कहा। साथ ही हौसला बढ़ाते हुए किसी भी प्रकार के हिंसा का विरोध करना चाहिए। इस प्रशिक्षण में प्रशिक्षक सोनी राज ने ल़डकियों को अपने आत्मरक्षा के लिए प्रयोग किए जाने वाले टेक्निक के बारे में बताया। प्रशिक्षण के बाद ल़डकियों के आत्मविश्वास में वृद्धि देखी गई। जिला समन्वयक आदित्य राज एवं परियोजना से जुड़े अन्य कार्यकर्ता भी उपस्थित थे।