-राजापाकर में लाखों की चोरी, दिल्ली गए परिवार के घर को बनाया निशाना
राजापाकर/संजय श्रीवास्तव।।
राजापाकर दक्षिणी पंचायत के पश्चिम टोला में लगातार चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। 12 सितंबर की रात छोटे भाई रघुवंश सिंह के घर हुई चोरी से लोग पहले ही सहमे हुए थे कि शाम होते-होते बड़े भाई यदुवंश सिंह के घर का ताला टूटा देख ग्रामीणों के होश उड़ गए।
अंदर जाकर देखा गया तो घर के सभी पेटी, तरंक, गोदरेज और बक्सों के ताले टूटे पड़े थे तथा सामान बिखरा हुआ था। गृहस्वामी यदुवंश सिंह तीन माह पूर्व अपने बेटे के पास दिल्ली इलाज कराने गए थे। खाली घर का फायदा उठाकर चोरों ने कीमती सामान और आभूषण गायब कर दिए।

इस मामले में यदुवंश सिंह की पुत्रवधू रेखा रानी पति मनीष कुमार, ग्राम पश्चिम टोला, राजापाकर ने थाने में आवेदन दिया है। उन्होंने बताया कि 12 सितंबर की शाम लगभग 7 बजे ग्रामीणों से सूचना मिली कि उनके घर का ताला तोड़कर चोरी की गई है। सूचना पाकर उन्होंने 112 पर कॉल किया, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची।
चोरी गए सामानों में दो गैस सिलेंडर, स्टील एवं पीतल के बर्तन, कांच का सेट, किचन का पूरा सामान, नए कपड़े, सोने-चांदी के आभूषण, लगभग 50 हजार रुपये नकद, बैंक एवं जमीन के कागजात, साथ ही बच्चों की पढ़ाई से संबंधित डिग्रियां और प्रमाणपत्र शामिल हैं। चोरी गए सामानों की कुल अनुमानित कीमत करीब 4 लाख रुपये बताई जा रही है।
प्रारंभिक जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि किसी पेशेवर गिरोह ने इस घटना को अंजाम दिया है। आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।












