-राजापाकर में भाई दूज का उत्सव धूमधाम से मनाया गया
राजापाकर/संजय श्रीवास्तव: राजापाकर प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न गांवों और पंचायतों में बुधवार को भाई दूज का त्यौहार महिलाओं द्वारा हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ मनाया गया। महिलाओं ने अपने घरों में पड़ोस की महिलाओं के साथ मिलकर रेगिनी का कांटा, नारियल, बजरी, फल और फूलों के साथ त्योहार मनाया और अपने भाई की लंबी उम्र की कामना की।
इस अवसर पर महिलाएं अपने भाइयों को मिठाई के साथ बजरी खिलाकर उनके दीर्घायु जीवन की प्रार्थना करती हैं। भाई के माथे पर सिंदूर, दही और चावल का लेप धार्मिक टीका के रूप में लगाया गया। भाई दूज कार्तिक माह की शुक्ल पक्ष की द्वितीया तिथि को मनाया जाता है।

राजापाकर बाजार पोस्ट ऑफिस चौक परिसर में भी महिलाओं ने इस पर्व को हर्षोल्लास पूर्वक मनाया। इस अवसर पर यमराज, यमुना और भगवान गणेश की पूजा की गई। पारंपरिक कथा के अनुसार यमराज अपनी बहन यमुना से मिलने गए थे और उनकी सेवा से प्रसन्न होकर उन्होंने भाई-बहन के मिलन एवं आशीर्वाद की परंपरा की स्थापना की।
इस पर्व में नीलम देवी, देबीया देवी, पुष्पा कुमारी, लक्ष्मी देवी, रागिनी देवी, सिगाड़ी देवी, ललिता देवी सहित कई अन्य महिलाएं शामिल हुईं और भाई दूज की सांस्कृतिक एवं धार्मिक परंपरा का पालन किया।













