राजापाकर में भव्य अष्टयाम यज्ञ की शुरुआत, 251 महिलाओं ने निकाली कलश यात्रा
-राजापाकर में भव्य अष्टयाम यज्ञ की शुरुआत, 251 महिलाओं ने निकाली कलश यात्रा
राजापाकर–संजय श्रीवास्तव।
राजापाकर उत्तरी पंचायत के पूर्वी टोला वार्ड संख्या 7 में आयोजित 24 घंटे के अष्टयाम यज्ञ का शुभारंभ आज सुबह भव्य कलश यात्रा के साथ हुआ। इस पावन अवसर पर 251 महिलाओं ने हाथी–घोड़े, बैंड–बाजे और धार्मिक धुनों के बीच आकर्षक शोभायात्रा निकाली, जिसे देखने के लिए सड़कों के दोनों ओर पुरुष, महिलाएं और बच्चों की भारी भीड़ उमड़ी।
कलश यात्रा के लिए हाजीपुर के कौनहारा घाट से गंगाजल लाया गया। काली स्थान, राजापाकर बाजार स्थित कबीर मठ के बगल से यात्रा आरंभ हुई, जिसमें आचार्य इंद्रेश झा, विवेक कुमार झा, शिवम कुमार झा, कपिल देव झा और मुक्तिनाथ झा के द्वारा विधि-विधान से जल भराकर कलश स्थापित कराया गया। शोभायात्रा प्रखंड मुख्यालय के पोस्ट ऑफिस चौक, हाई स्कूल चौक और अन्य प्रमुख मार्गों से होकर यज्ञ स्थल तक पहुंची।

सुबह कलश यात्रा के उपरांत अष्टयाम यज्ञ की शुरुआत की गई, जो गुरुवार की दोपहर एक बजे तक चलेगा। यज्ञ की समाप्ति के बाद शुक्रवार की रात भव्य विवाह कीर्तन का आयोजन किया जाएगा, जिसके लिए तैयारियां भी शुरू हो चुकी हैं। यज्ञ स्थल पर सुबह से ही महिलाओं की भारी भीड़ परिक्रमा और पूजा-अर्चना के लिए उमड़ पड़ी, जहां उन्होंने सुख–शांति और समृद्धि की मनोकामनाएं भगवान से मांगीं।
यज्ञ स्थल पूरे क्षेत्र में धार्मिक माहौल का केंद्र बना हुआ है। हरे राम–हरे कृष्णा, गौरी–शंकर और सीताराम के भक्ति गीतों से वातावरण भक्तिमय हो गया है। यज्ञ स्थल के आसपास पूजन–सामग्री की दुकानें भी सजी दिखाई दीं।
इस आयोजन के सफल संचालन में दिनेश राय, संजू कुमार, अमित कुमार, रत्नेश कुमार, राम इकबाल राय, रामसुरत राय, सिपाही राय सहित कई स्थानीय लोग महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

