-राजापाकर में नसीर शाह प्रकरण पर अल्पसंख्यक आयोग अध्यक्ष का दौरा, निष्पक्ष जांच का आश्वासन
राजापाकर।संवाददाता।
राजापाकर थाना क्षेत्र के चौशिमा कल्याणपुर पहुंचे बिहार राज्य अल्पसंख्यक आयोग, पटना के अध्यक्ष गुलाम रसूल बलियावी ने मृतक नसीर शाह के परिजनों और ग्रामीणों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने घटना की विस्तृत जानकारी ली। मौके पर सैकड़ों ग्रामीण महिला-पुरुष मौजूद रहे।
मृतक के भाई बसीर शाह ने बताया कि 5 जुलाई की शाम मिलाद के जलसा के दौरान एक महिला और आइसक्रीम विक्रेता के बीच पैसे को लेकर विवाद हुआ। इसके बाद आइसक्रीम विक्रेता ने डायल 112 पर सूचना दी। पुलिस पहुंचने पर विवाद और बढ़ गया और हिंसक झड़प में बदल गया।

आरोप है कि पुलिस ने रात के अंधेरे में महिला, पुरुष, बच्चे, बूढ़े और विकलांग तक को बेरहमी से पीटा तथा कई लोगों को गिरफ्तार कर लिया। दो दिन बाद पुलिस हिरासत में नसीर शाह की मौत हो गई। घटना के बाद से गांव में दहशत और सन्नाटा पसरा है।
ग्रामीणों ने आयोग अध्यक्ष बलियावी से इंसाफ की गुहार लगाई। इस पर उन्होंने कहा कि आयोग हर बिंदु पर गहन व निष्पक्ष जांच कर रहा है। जांच पूरी होने के बाद दोषी चाहे कोई भी हो, उस पर कार्रवाई होगी। साथ ही उन्होंने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की।












