-मुशहरी सीएचसी पर महिला सफाई कर्मियों की हड़ताल, भुगतान में गड़बड़ी का लगाया आरोप
मुजफ्फरपुर/मुशहरी, 19 अगस्त।
सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र (सीएचसी) मुशहरी के गेट पर मंगलवार को दैनिक महिला सफाई कर्मी अपनी मांगों को लेकर हड़ताल पर बैठ गईं। कर्मियों ने आरोप लगाया कि उन्हें समय पर वेतन नहीं दिया जाता और तय राशि से कम भुगतान किया जाता है।
हड़ताल पर जाने से पहले सफाई कर्मी अस्पताल के बराबाबू से मिलीं, लेकिन कर्मियों का कहना है कि उन्होंने न केवल उन्हें डांट-फटकार लगाई बल्कि थाना-पुलिस बुलाने की धमकी देकर भगा दिया।

सफाई कर्मियों ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि बराबाबू और ठेकेदार की मिलीभगत से मजदूरी के पैसे में घालमेल किया जाता है, जिससे उन्हें काफी आर्थिक परेशानी झेलनी पड़ रही है।
हड़ताल के कारण अस्पताल परिसर की साफ-सफाई व्यवस्था प्रभावित हो गई है। कर्मियों ने चेतावनी दी है कि जब तक उनकी समस्याओं का समाधान नहीं होता और उन्हें पूरा बकाया भुगतान नहीं मिलता, तब तक हड़ताल जारी रहेगी।













