-मुज़फ्फरपुर से बड़ी उपलब्धि : एमआईटी के डॉ. आशीष कुमार श्रीवास्तव दुनिया के शीर्ष 2% वैज्ञानिकों में शामिल
मुज़फ्फरपुर।दीपक तिवारी।
एमआईटी मुज़फ्फरपुर के यांत्रिकी विभाग के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. आशीष कुमार श्रीवास्तव ने एक बार फिर जिले और राज्य का नाम रोशन किया है। उन्हें अमेरिका के स्टैनफोर्ड यूनिवर्सिटी और एल्सेवियर B.V. की ओर से जारी वर्ष 2025 के ग्लोबल डेटाबेस में दुनिया के शीर्ष 2% वैज्ञानिकों की सूची में शामिल किया गया है।
इस सूची में वैज्ञानिकों को उनके शोध कार्य और सिटेशन इंडेक्स के आधार पर रैंकिंग दी जाती है। इस वर्ष डॉ. श्रीवास्तव को वैश्विक स्तर पर 1,36,516वां और मैटेरियल्स रिसर्च के क्षेत्र में 1,861वां स्थान प्राप्त हुआ है। गौरतलब है कि यह उपलब्धि उन्हें लगातार चौथी बार मिली है। इससे पहले भी वर्ष 2022, 2023 और 2024 में उनका नाम इस सूची में शामिल हो चुका है।

डॉ. आशीष ने इस उपलब्धि का श्रेय अपने गुरुओं, सहकर्मियों, छात्रों और शुभचिंतकों को दिया और कहा कि यह सम्मान उन्हें उत्कृष्टता की दिशा में निरंतर प्रयासरत रहने और वैश्विक वैज्ञानिक समुदाय में और अधिक योगदान देने के लिए प्रेरित करेगा।
उनकी सफलता पर एमआईटी मुज़फ्फरपुर के प्राचार्य प्रो. (डा.) एम. के. झा, सभी विभागाध्यक्ष और फैकल्टी सदस्यों ने उन्हें हार्दिक बधाई दी। यह सम्मान न सिर्फ एमआईटी मुज़फ्फरपुर बल्कि पूरे देश के लिए गर्व का विषय है।
#MITMuzaffarpur #TopScientists #StanfordUniversity #Elsevier #BiharPride #MaterialsResearch












