-मुजफ्फरपुर में 14 व 17 जून को होगी सिपाही भर्ती परीक्षा, 22 केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था
मुजफ्फरपुर, 13 जून। केंद्रीय चयन परिषद (सिपाही भर्ती), बिहार, पटना द्वारा मद्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग, कारा एवं सुधार सेवाएं निरीक्षणालय गृह विभाग (कारा) तथा परिवहन विभाग में मद्य निषेध सिपाही, कक्षपाल एवं चलंत दस्ता सिपाही पदों पर भर्ती के लिए लिखित परीक्षा का आयोजन 14 जून एवं 17 जून को किया जाएगा। जिले के 22 परीक्षा केंद्रों पर यह परीक्षा दो पालियों में संपन्न होगी।
प्रथम पाली के अभ्यर्थियों को सुबह 8 बजे तक तथा द्वितीय पाली के अभ्यर्थियों को दोपहर 1 बजे तक परीक्षा केंद्र पर रिपोर्ट करना होगा। परीक्षा के शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं कदाचारमुक्त संचालन के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की हैं।

जिलाधिकारी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक द्वारा पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारियों और पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। समाहरणालय सभागार में आयोजित संयुक्त ब्रीफिंग के दौरान दोनों अधिकारियों ने सभी प्रतिनियुक्त अधिकारियों को समय पर ड्यूटी स्थल पर पहुंचने तथा परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की सघन जांच (फ्रिस्किंग) सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि किसी भी अभ्यर्थी को मोबाइल फोन या किसी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण के साथ परीक्षा हॉल में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। परीक्षा की सतत एवं प्रभावी निगरानी के लिए वीडियोग्राफी, फोटोग्राफी तथा विशेष नियंत्रण कक्ष की व्यवस्था की गई है।
जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को स्वच्छ, शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त परीक्षा संपन्न कराने के साथ-साथ विधि-व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। परीक्षा के सफल संचालन एवं विभिन्न विभागों के बीच समन्वय के लिए अपर समाहर्ता (राजस्व) को नोडल पदाधिकारी नामित किया गया है। प्रशासन ने अभ्यर्थियों से समय पर परीक्षा केंद्र पहुंचने और निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।










