-मुजफ्फरपुर में शिव सेवा समिति की बैठक
-कांवरिया सेवा शिविर की तैयारियों पर चर्चा
मुजफ्फरपुर, 22 जून 2026। आगामी सावन माह में कांवरियों की सेवा को लेकर शिव सेवा समिति की दूसरी बैठक सोमवार को पटियासा, मिर्जापुर स्थित समिति सदस्य देवनारायण शाह के आवास पर आयोजित की गई। बैठक में निशुल्क कांवरिया सेवा शिविर की तैयारियों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया तथा संगठन के विस्तार को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
बैठक के दौरान कई सदस्यों ने सुझाव दिया कि बोचहा एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को समिति के शहर स्थित कार्यालय तक पहुंचने में कठिनाई होती है। ऐसे में क्षेत्र में ही एक अतिरिक्त कार्यालय खोले जाने की आवश्यकता है, ताकि अधिक से अधिक लोग समिति की गतिविधियों से जुड़ सकें और आवश्यक जानकारी आसानी से प्राप्त कर सकें।
सदस्यों के सुझावों पर सहमति जताते हुए शिव सेवा समिति ने अपना दूसरा कार्यालय समिति सदस्य देवनारायण शाह के आवास पर संचालित करने का निर्णय लिया। समिति का मानना है कि इससे बोचहा एवं आसपास के क्षेत्रों के लोगों को संगठन से जुड़ने और संपर्क स्थापित करने में सुविधा मिलेगी।

बैठक में समिति के संयोजक मुकेश कुमार पटेल ने संगठन का विस्तार करते हुए नई जिम्मेदारियों की घोषणा की। इसके तहत रणधीर कुमार को प्रखंड अध्यक्ष, रघुवीर शाह को उपाध्यक्ष, सुशील कुमार को सचिव, लखिन्दर शाह को कोषाध्यक्ष तथा देवनारायण शाह को कार्यकारिणी सदस्य मनोनीत किया गया।
बैठक में आगामी सावन माह के दौरान श्रद्धालुओं एवं कांवरियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए सेवा शिविर की रूपरेखा पर भी चर्चा की गई। समिति के सदस्यों ने शिविर को सफल बनाने के लिए सामूहिक रूप से कार्य करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर संजय कुमार, अनिल झा, मनोज कुमार, मनीष कुमार, राजन कुमार सिंह, दीपक पांडे, मंगलेश कुमार, सिद्धार्थ कुमार, अंकित कुमार, प्रमोद चंदन सहित कई सदस्य उपस्थित रहे। बैठक का समापन सावन सेवा अभियान को सफल बनाने के संकल्प के साथ हुआ।











