Advertisement

मुजफ्फरपुर में रोजगार का बड़ा अवसर: जिला नियोजन मेले में 500 से अधिक युवाओं का चयन, पहली बार पूरी प्रक्रिया हुई ऑनलाइन

-मुजफ्फरपुर में रोजगार का बड़ा अवसर: जिला नियोजन मेले में 500 से अधिक युवाओं का चयन, पहली बार पूरी प्रक्रिया हुई ऑनलाइन

मुजफ्फरपुर, 29 जुलाई 2026। युवा रोजगार एवं कौशल विकास विभाग, बिहार के तत्वावधान में अवर प्रादेशिक नियोजनालय, मुजफ्फरपुर द्वारा बुधवार को राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) परिसर में आयोजित एक दिवसीय जिला स्तरीय नियोजन सह व्यावसायिक मार्गदर्शन मेले में 500 से अधिक अभ्यर्थियों का विभिन्न कंपनियों में चयन किया गया। रोजगार मेले में बड़ी संख्या में युवाओं ने भाग लेकर निजी क्षेत्र में रोजगार पाने का अवसर हासिल किया।
कार्यक्रम का उद्घाटन जिलाधिकारी कुमार गौरव ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर उप निदेशक (नियोजन) अश्वजीत पराशर, आईटीआई के प्राचार्य परमेश पराशर, सहायक निदेशक (नियोजन) जैनेन्द्र कुमार, नियोजन पदाधिकारी शिखा राय सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे।
इस वर्ष के नियोजन मेले की सबसे बड़ी खासियत यह रही कि मुजफ्फरपुर में पहली बार नौकरी के लिए आवेदन की पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन माध्यम से संपन्न कराई गई। इससे आवेदन प्रक्रिया अधिक सरल, पारदर्शी और सुव्यवस्थित बनी तथा अभ्यर्थियों और नियोजकों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित हुआ।


मेले में विभिन्न क्षेत्रों की 30 प्रतिष्ठित कंपनियों एवं नियोक्ताओं ने भाग लिया। वहीं श्रम विभाग, उद्योग विभाग, जन शिक्षण संस्थान तथा आरसेटी, मुजफ्फरपुर समेत कई विभागों ने भी अपने स्टॉल लगाए। बड़ी संख्या में पहुंचे युवाओं ने विभिन्न कंपनियों को अपना बायोडाटा सौंपा और साक्षात्कार में हिस्सा लिया। मेले के दौरान विभिन्न पदों के लिए 500 से अधिक अभ्यर्थियों का चयन किया गया।
सहायक निदेशक (नियोजन) तिरहुत प्रमंडल जैनेन्द्र कुमार ने युवाओं से सरकारी योजनाओं के माध्यम से ऋण सुविधा लेकर स्वरोजगार अपनाने तथा रोजगार सेतु पोर्टल पर पंजीकरण कर निजी क्षेत्र में उपलब्ध रोजगार के अवसरों का लाभ उठाने की अपील की।
मुख्य अतिथि जिलाधिकारी कुमार गौरव ने कहा कि नियोजन मेले युवाओं को उनकी योग्यता और कौशल के अनुरूप रोजगार उपलब्ध कराने का प्रभावी माध्यम हैं। उन्होंने युवाओं से बदलती तकनीकी और औद्योगिक आवश्यकताओं के अनुरूप अपने कौशल का निरंतर विकास करने तथा उपलब्ध रोजगार अवसरों का अधिकतम लाभ उठाकर आत्मनिर्भर बनने का आह्वान किया।
युवा रोजगार एवं कौशल विकास विभाग के इस आयोजन का उद्देश्य स्थानीय युवाओं और नियोक्ताओं को एक साझा मंच उपलब्ध कराना, रोजगार के अवसरों का विस्तार करना तथा कौशल आधारित रोजगार को बढ़ावा देना है। युवाओं की उत्साहपूर्ण भागीदारी और विभिन्न कंपनियों की सक्रिय उपस्थिति से यह रोजगार मेला पूरी तरह सफल रहा।