Advertisement

मुजफ्फरपुर में मंदिर के अंदर स्टेशनरी दुकानदार की गोली मारकर हत्या, पूजा के दौरान बदमाशों ने बरसाईं गोलियां

-मुजफ्फरपुर में मंदिर के अंदर स्टेशनरी दुकानदार की गोली मारकर हत्या, पूजा के दौरान बदमाशों ने बरसाईं गोलियां

मुजफ्फरपुर। जिले के सिवाईपट्टी थाना क्षेत्र के डेरा चौक पर शनिवार की अहले सुबह बेखौफ अपराधियों ने एक स्टेशनरी दुकानदार की गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात उस समय हुई, जब दुकानदार रोज की तरह मंदिर में पूजा-अर्चना कर रहे थे। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई, जबकि परिजनों और स्थानीय व्यवसायियों में भारी आक्रोश है।
मृतक की पहचान श्याम कुमार कुशवाहा (40) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 5:45 बजे वह डेरा चौक स्थित मंदिर में पूजा कर रहे थे। इसी दौरान एक बाइक पर सवार तीन अपराधी, जो पूर्वी चंपारण के राजेपुर की ओर से आए बताए जा रहे हैं, मंदिर के अंदर घुस गए और श्याम कुमार कुशवाहा पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। गोली लगते ही उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी हथियार लहराते हुए फरार हो गए।
गोली चलने की आवाज सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। सिवाईपट्टी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए श्रीकृष्ण मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (एसकेएमसीएच) भेज दिया।


घटनास्थल से पुलिस ने तीन खोखे बरामद किए हैं। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके। वारदात की सूचना मिलते ही ग्रामीण एसपी भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
पुलिस ने जिले की सीमाओं पर नाकाबंदी कर वाहनों की सघन जांच शुरू कर दी है। अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
सिवाईपट्टी थानाध्यक्ष ने बताया कि हत्या के कारणों का अभी स्पष्ट खुलासा नहीं हुआ है। पुलिस आपसी रंजिश, कारोबारी विवाद समेत सभी संभावित पहलुओं पर जांच कर रही है। तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जल्द ही अपराधियों की गिरफ्तारी का दावा किया जा रहा है।
दिनदहाड़े मंदिर परिसर में हुई इस हत्या ने इलाके में कानून-व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच में जुटी है।