-मुजफ्फरपुर में नए एसएसपी की तैनाती, कांतेश मिश्रा ने संभाला कार्यभार
मुजफ्फरपुर।
बिहार सरकार ने प्रशासनिक महकमे में बड़े पैमाने पर फेरबदल करते हुए कई वरिष्ठ अधिकारियों का तबादला किया है। इसी क्रम में आईपीएस 2015 बैच के अधिकारी कांतेश कुमार मिश्रा को बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई है। उन्हें पुलिस अधीक्षक (ई), अपराध अनुसंधान विभाग (CID), बिहार, पटना से स्थानांतरित कर वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी), मुजफ्फरपुर के पद पर पदस्थापित किया गया है। कांतेश मिश्रा ने सोमवार को मुजफ्फरपुर के एसएसपी का कार्यभार ग्रहण कर लिया।
कार्यभार संभालते ही एसएसपी कांतेश मिश्रा ने स्पष्ट किया कि जिले में अपराध नियंत्रण उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के साथ-साथ यातायात व्यवस्था को भी दुरुस्त किया जाएगा, ताकि आम लोगों को रोजमर्रा की परेशानियों से राहत मिल सके।
उन्होंने विशेष रूप से महिलाओं के खिलाफ होने वाले अपराधों पर कड़ी नजर रखने की बात कही और कमजोर व वंचित वर्गों के विरुद्ध अपराध करने वालों पर सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाया। एसएसपी ने कहा कि पुलिस निष्पक्ष, संवेदनशील और सख्त कार्रवाई के सिद्धांत पर काम करेगी।

अपराध नियंत्रण में जन सहयोग को अहम बताते हुए एसएसपी कांतेश मिश्रा ने आम नागरिकों से पुलिस का सहयोग करने और किसी भी आपराधिक गतिविधि की सूचना तुरंत देने की अपील की।
गौरतलब है कि कांतेश मिश्रा अपने सख्त और बेखौफ फैसलों के लिए जाने जाते हैं। करीब छह साल पहले वर्ष 2019 में, जब वे पटना ग्रामीण के पुलिस अधीक्षक थे, तब मोकामा के बाहुबली विधायक अनंत सिंह के पैतृक आवास पर उनके नेतृत्व में की गई छापेमारी ने पूरे बिहार में सनसनी मचा दी थी। इस कार्रवाई में एके-47 राइफल, 26 जिंदा कारतूस और दो हैंड ग्रेनेड बरामद किए गए थे। यह छापेमारी बिहार पुलिस के इतिहास की सबसे चर्चित और साहसिक कार्रवाइयों में गिनी जाती है।
अब ऐसे में मुजफ्फरपुर की जनता को नए एसएसपी से अपराध पर लगाम और बेहतर पुलिसिंग की उम्मीद है।












