-मुजफ्फरपुर में दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या, इलाके में दहशत – पुलिस जांच में जुटी
मुजफ्फरपुर। जिले के गरहा थाना क्षेत्र में बेखौफ अपराधियों ने दिनदहाड़े एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान हरिशंकर सिंह के रूप में हुई है, जिन्हें स्थानीय लोग औराई के पूर्व भाजपा विधायक रामसूरत राय का करीबी बता रहे हैं।
घटना गरहा थाना क्षेत्र के मुरादपुर भरत गांव की है। जानकारी के अनुसार, हरिशंकर सिंह अपने गेहूं के खेत से काम खत्म कर घर लौट रहे थे। इसी दौरान मुरादपुर भरत स्कूल के पास पहले से घात लगाए बाइक सवार बदमाशों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली लगने से वे गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े।

घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। परिजनों और स्थानीय लोगों ने आनन-फानन में उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद गांव में मातम और दहशत का माहौल है।
सूचना मिलते ही गरहा थाना पुलिस, एसडीपीओ टाउन-2 विनीता सिन्हा और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। घटनास्थल से पुलिस ने दो खोखा बरामद किए हैं।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, मृतक पर पहले भी जानलेवा हमला हो चुका था, जिसमें वे बच गए थे। उस मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा था, लेकिन फिलहाल वे जमानत पर बाहर बताए जा रहे हैं। ऐसे में इस हत्या के पीछे पुरानी रंजिश की आशंका जताई जा रही है।
सिटी एसपी मोहिबुल्लाह अंसारी ने बताया कि पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। फिलहाल पूरे इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है।











