Advertisement

मुजफ्फरपुर में चलते-चलते CNG कार बनी आग का गोला, टाटा नेक्सॉन धू-धू कर जली, बाल-बाल बचे सवार

-मुजफ्फरपुर में चलते-चलते CNG कार बनी आग का गोला, टाटा नेक्सॉन धू-धू कर जली, बाल-बाल बचे सवार

मुजफ्फरपुर। जिले से एक दहला देने वाली घटना सामने आई है। काजी मोहम्मदपुर थाना क्षेत्र के माड़ीपुर इलाके में अचानक एक CNG कार में आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते कार आग की लपटों में घिर गई और कुछ ही मिनटों में पूरी तरह जलकर खाक हो गई।
जानकारी के अनुसार, करीब 12 लाख रुपये कीमत की टाटा मोटर्स की टाटा नेक्सॉन CNG कार सड़क पर सामान्य रफ्तार से चल रही थी। तभी अचानक इंजन के हिस्से से धुआं उठता दिखाई दिया। जब तक चालक कुछ समझ पाता, चिंगारी ने भयंकर आग का रूप ले लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि आग इतनी तेजी से फैली कि मौके पर भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। हालांकि कार में सवार सभी लोगों ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ।


घटना की सूचना मिलते ही काजी मोहम्मदपुर थाना पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम दमकल गाड़ियों के साथ मौके पर पहुंची। आग की भयावहता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि दमकल कर्मियों को आग पर काबू पाने में करीब आधे घंटे तक कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। तब तक कार पूरी तरह जल चुकी थी।
प्राथमिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। हालांकि पुलिस और फायर विभाग पूरे मामले की गहन जांच कर रहे हैं, ताकि वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके।
इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और लोग CNG वाहनों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठा रहे हैं। प्रशासन ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे अपने वाहनों की नियमित तकनीकी जांच कराएं और किसी भी खराबी को नजरअंदाज न करें, ताकि ऐसे हादसों से बचा जा सके।