-मुख्यमंत्री ने संजय गांधी जैविक उद्यान का किया भ्रमण, अधिकारियों को दिये कई महत्वपूर्ण निर्देश
पटना। ब्यूरो। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज संजय गांधी जैविक उद्यान (पटना चिड़ियाघर) का भ्रमण किया। भ्रमण के दौरान उपस्थित लोगों ने खुशी व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री का अभिवादन किया, जिसे मुख्यमंत्री ने हाथ हिलाकर स्वीकार किया और मुस्कुराते हुए लोगों का हालचाल जाना।
मुख्यमंत्री ने उद्यान में वन्य जीवों एवं पक्षियों को देखा तथा उनके स्वास्थ्य, सुविधाओं, देखभाल व्यवस्था और पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी जानकारियाँ लीं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वन्य जीवों की देखभाल बेहतर ढंग से की जाए और उनकी सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाए। उद्यान परिसर में बड़े पैमाने पर किए गए वृक्षारोपण पर मुख्यमंत्री ने प्रसन्नता व्यक्त की।
मुख्यमंत्री ने बच्चों एवं आगंतुकों के लिए बेहतर सुविधाएँ उपलब्ध कराने का निर्देश देते हुए कहा कि अधिक से अधिक स्कूली छात्र-छात्राओं को यहां भ्रमण कराया जाए, ताकि उनमें वन्य जीवों और पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़े। उन्होंने उद्यान में टॉय ट्रेन को शीघ्र शुरू कराने तथा मास्टर प्लान के तहत विकास कार्यों को तेज गति से पूरा करने का निर्देश दिया।
जू भ्रमण के दौरान मुख्यमंत्री ने जेब्रा के नवजात शावक का नामकरण करते हुए उसका नाम ‘समृद्धि’ रखा। लगभग 17 वर्षों के बाद पटना जू में जेब्रा के बच्चे का जन्म होना राज्य सरकार द्वारा वन्य जीवों के बेहतर स्वास्थ्य प्रबंधन के लिए किए जा रहे प्रयासों का सकारात्मक परिणाम बताया गया।

गौरतलब है कि संजय गांधी जैविक उद्यान, पटना के नेहरू पथ पर स्थित देश का एक प्रमुख जैविक उद्यान है, जिसका कुल क्षेत्रफल 153 एकड़ है। यह उद्यान वन्य जीव संरक्षण, शोध एवं शिक्षण का महत्वपूर्ण केंद्र है। यहां प्रतिवर्ष लगभग 23 लाख से अधिक पर्यटक भ्रमण के लिए आते हैं, जिनमें बड़ी संख्या स्कूली छात्र-छात्राओं की होती है। उद्यान में 93 से अधिक प्रजातियों के 1122 वन्य जीव मौजूद हैं, जिनमें गैंडा, घड़ियाल, जिराफ, जेब्रा, बाघ, हिरण और बंदर प्रमुख हैं। वर्तमान में यहां 10 गैंडा, 200 से अधिक घड़ियाल एवं 6 जिराफ उपलब्ध हैं।
पटना जू में बोटैनिकल गार्डन, मछलीघर, झील में नौकायन, प्रेक्षागृह जैसी सुविधाएँ भी उपलब्ध हैं, जो बच्चों के बीच काफी लोकप्रिय हैं। जू के 80 प्रतिशत से अधिक क्षेत्र में हरियाली है, जिससे इसे देश के सर्वश्रेष्ठ चिड़ियाघरों में गिना जाता है। हाल ही में सुबह टहलने आने वालों के लिए नया रास्ता बनाया गया है तथा वन्य जीवों के शावकों की देखभाल हेतु विशेष सुविधाएँ विकसित की गई हैं। इसके बेहतर प्रबंधन के लिए हाल में राज्य कैबिनेट द्वारा एक सोसायटी का गठन भी किया गया है।
भ्रमण के दौरान मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव श्री दीपक कुमार, पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के अपर मुख्य सचिव श्री आनंद किशोर, मुख्यमंत्री के सचिव श्री अनुपम कुमार, श्री कुमार रवि, विशेष कार्य पदाधिकारी श्री गोपाल सिंह, सचिव डॉ. चन्द्रशेखर सिंह, जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एस.एम., संजय गांधी जैविक उद्यान के निदेशक श्री हेमंत पाटिल सहित अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित थे।













