-मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने विज्ञान प्रदर्शनी बस को दी हरी झंडी, वर्चुअल रियलिटी थियेटर का किया उद्घाटन
पटना। दीपक कुमार तिवारी।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज पटना स्थित तारामंडल में विज्ञान, प्रावैधिकी एवं तकनीकी शिक्षा विभाग की कई योजनाओं का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने विज्ञान प्रदर्शनी बस को हरी झंडी दिखाकर भ्रमणशील विज्ञान प्रदर्श बस सेवा का शुभारंभ किया। यह बस बिहार के विभिन्न जिलों में जाकर विद्यार्थियों को विज्ञान से संबंधित जानकारी उपलब्ध कराएगी।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने रिमोट के माध्यम से कई योजनाओं का शिलापट्ट अनावरण किया। इसमें तारामंडल परिसर में एस्ट्रा पार्क निर्माण कार्य का शुभारंभ, स्मारिका बिक्री केंद्र का उद्घाटन और बिहार काउंसिल ऑन साइंस एंड टेक्नोलॉजी व बिहार अभियंत्रण विश्वविद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में एम.टेक. (Geoinformatics) पाठ्यक्रम का शुभारंभ शामिल रहा। साथ ही, तारामंडल में टेलीस्कोप व ऑब्जर्वेटरी डोम निर्माण हेतु राष्ट्रीय विज्ञान संग्रहालय परिसर और बिहार काउंसिल ऑन साइंस एंड टेक्नोलॉजी के बीच समझौता भी हुआ।

इस मौके पर मुख्यमंत्री ने तारामंडल में 5.6 करोड़ रुपये की लागत से बने वर्चुअल रियलिटी थियेटर का उद्घाटन किया और स्वयं बैठकर इसका अनुभव लिया। उन्होंने कहा कि यह थियेटर विद्यार्थियों और आगंतुकों को विज्ञान व अन्य नई जानकारियों से अवगत कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
कार्यक्रम में बिहार अभियंत्रण विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राओं को डिग्रियां भी प्रदान की गईं। विश्वविद्यालय में सर्वोच्च स्थान प्राप्त करने वाले मोतिहारी कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग के छात्र सुमन कुमार को 50 हजार एक रुपये का चेक, स्वर्ण पदक, लैपटॉप, प्रशस्ति पत्र और बी.टेक. की उपाधि से सम्मानित किया गया। वहीं, विभिन्न इंजीनियरिंग शाखाओं में प्रथम स्थान पाने वाले छात्र-छात्राओं को स्वर्ण पदक, लैपटॉप, प्रशस्ति पत्र और उपाधि से सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, विज्ञान, प्रावैधिकी एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री सुमित कुमार सिंह, शिक्षा मंत्री सुनील कुमार, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, विकास आयुक्त डॉ. एस. सिद्धार्थ, विज्ञान विभाग की सचिव डॉ. प्रतिमा एस. वर्मा, कुलपति एस.के. वर्मा सहित कई वरीय अधिकारी उपस्थित थे।












