Advertisement

मिशन विश्वकर्मा के तहत सभी वाहनों को किया जायेगा चकाचक

-मिशन विश्वकर्मा के तहत सभी वाहनों को किया जायेगा चकाचक

-सभी वाहनों की मरम्मती के लिये पदाधिकारियों को दिया गया निर्देश

मुज़फ़्फ़रपुर – 2 सितंबर 2025

मुज़फ़्फ़रपुर नगर निगम द्वारा विश्वकर्मा पूजा के अवसर पर 2 से 17 सितंबर 2025 तक “मिशन विश्वकर्मा” का शुभारंभ किया जा रहा है। इस विशेष अभियान के तहत नगर निगम के समस्त वाहनों की मरम्मत, रखरखाव और सौन्दर्यीकरण का कार्य किया जाएगा। साथ ही सभी वाहनों की “सफाई एक्स्प्रेस” के रूप में ब्रांडिंग भी की जाएगी।

नगर आयुक्त विक्रम विरकर (IAS) ने कहा –
“मिशन विश्वकर्मा का उद्देश्य केवल वाहनों की मरम्मत नहीं है, बल्कि एक ऐसी प्रणाली विकसित करना है जिससे हमारे वाहन लंबे समय तक उत्कृष्ट स्थिति में कार्य कर सकें। इस पहल से न केवल सफाई व्यवस्था और अन्य नागरिक सेवाओं में तेजी आएगी, बल्कि नगर निगम की कार्यकुशलता भी बढ़ेगी।”

गौरतलब है कि नगर निगम के पास वर्तमान में लगभग 211 वाहन हैं, जो नगर की सफाई एवं अन्य नागरिक सेवाओं में प्रतिदिन नियोजित रहते हैं। पिछले वर्ष नगर निगम के केंद्रीय वर्कशॉप में वाहनों की मरम्मत और रखरखाव के लिए विशेष तकनीकी व्यवस्था की गई थी, जिसके सकारात्मक परिणाम सामने आए। इस वर्ष इसे और व्यापक रूप में “मिशन विश्वकर्मा” के तहत संचालित किया जाएगा।

मिशन विश्वकर्मा के अंतर्गत संचालित गतिविधियाँ:

1. वाहनों का व्यापक मरम्मत एवं रखरखाव – सभी वाहनों की सम्पूर्ण जांच, मरम्मत और रखरखाव।

2. वाहनों की ब्रांडिंग – सभी वाहनों को “सफाई एक्स्प्रेस” के रूप में ब्रांडिंग।

3. पारदर्शिता सुनिश्चित करना – मरम्मत कार्यों की दैनिक जांच एवं आवश्यक सामान की सूची तैयार करना।

4. समय और धन की बचत – नगर निगम वर्कशॉप में मरम्मत होने से बाहरी एजेंसियों पर निर्भरता कम होगी।

5. सेवाओं में सुधार – वाहनों के बेहतर रखरखाव से सफाई व्यवस्था और नागरिक सेवाओं में सुधार।

प्रतिदिन होगी मॉनिटरिंग

नगर आयुक्त ने पदाधिकारियों को निर्देश दिया है कि इस मिशन के तहत मरम्मत कार्यों की प्रतिदिन मॉनिटरिंग की जाएगी और खराब निकलने वाले उपकरणों की अलग सूची बनाई जाएगी, ताकि जवाबदेही और पारदर्शिता बनी रहे। साथ ही, सभी वाहनों के लिए दैनिक देखभाल का प्रोटोकॉल भी तैयार किया जाएगा, जिससे आने वाले समय में बार-बार बड़े स्तर की मरम्मत की आवश्यकता न पड़े।