-माता भगवती की प्रतिमा स्थापना हेतु निकली भव्य कलश शोभा यात्रा, बोचहां में उमड़ा श्रद्धा का सागर
बोचहां। प्रखंड के शर्फुद्दीनपुर पंचायत अंतर्गत गोपालपुर गांव में शनिवार को माता भगवती की प्रतिमा स्थापना के लिए भव्य कलश शोभा यात्रा निकाली गई। इस धार्मिक आयोजन ने पूरे क्षेत्र को भक्ति और आस्था के रंग में रंग दिया।
सुबह 6 बजे देवी मंदिर से प्रारंभ हुई शोभा यात्रा का दृश्य अद्भुत और दिव्य था। यात्रा में 501 से अधिक कुंवारी कन्याएं और महिलाएं पारंपरिक लाल-पीले परिधानों में सिर पर मंगल कलश लिए हुए सम्मिलित हुईं। जय माता दी के गगनभेदी जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।
यात्रा शर्फुद्दीनपुर गांव के मुख्य मार्गों से होते हुए बूढ़ी गंडक नदी के डुमरी घाट पर पहुंची, जहां वैदिक मंत्रोच्चार के बीच कलशों में जल भरकर पूजा-अर्चना की गई। यह आयोजन ग्रामीणों की सामूहिक भागीदारी और आस्था का प्रतीक बना।

ग्रामीणों ने बताया कि रविवार को माता भगवती की प्रतिमा की प्राण-प्रतिष्ठा होगी। इसके उपरांत तीन दिवसीय महायज्ञ और विशेष पूजा-अर्चना का आयोजन किया जाएगा।
इस अवसर पर त्रिपुरारी चौधरी, कृष्णदेव चौधरी, सूरज कुमार चौधरी, मनोज कुमार, विकास कुमार, कुंदन कुमार, शंकर कुमार सहित सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे और माता भगवती के चरणों में अपनी श्रद्धा अर्पित की।












