-भीषण गर्मी में सूखा बन्दरा प्रखंड मुख्यालय का सरकारी पोखर
मुजफ्फरपुर/बंदरा/दीपक। भीषण गर्मी और बारिश की कमी का असर अब जलस्रोतों पर भी साफ दिखाई देने लगा है। बंदरा प्रखंड मुख्यालय परिसर स्थित वर्षों पुराना सरकारी पोखर पूरी तरह सूख गया है, जिससे स्थानीय लोगों और पशुपालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस पोखर के जीर्णोद्धार और सौंदर्यीकरण के नाम पर समय-समय पर सरकारी योजनाओं के तहत राशि खर्च की गई, लेकिन गर्मी आते ही इसकी वास्तविक स्थिति सामने आ गई। वर्तमान में पोखर में पानी का नामोनिशान नहीं है।

पोखर के सूख जाने से न तो मवेशियों की प्यास बुझ रही है और न ही यह लोगों के स्नान अथवा अन्य दैनिक उपयोग के काम आ रहा है। हालात का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि पिछले दिनों क्षेत्र के युवाओं ने सूखे पोखर के मैदान में क्रिकेट टूर्नामेंट तक आयोजित कर लिया था।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि पोखर का वैज्ञानिक तरीके से जीर्णोद्धार और जल संरक्षण की व्यवस्था की गई होती तो इतनी जल्दी यह जलविहीन नहीं होता। अब लोगों की निगाहें मानसून की बारिश पर टिकी हैं। उम्मीद की जा रही है कि अच्छी वर्षा होने पर पोखर में फिर से पानी जमा होगा और यह अपने मूल स्वरूप में लौट सकेगा।
ग्रामीणों ने प्रशासन से पोखर के स्थायी संरक्षण और जल संचयन की प्रभावी व्यवस्था कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी स्थिति उत्पन्न न हो।












