-भारत की प्राथमिक ऊर्जा खपत में प्राकृतिक गैस का शेयर 6 से साढ़े 6 तक : राधामोहन सिंह
मोतिहारी / राजन द्विवेदी।
भारत पेट्रोलियम कारपोरेशन लिमिटेड द्वारा मोतिहारी में शहरी गैस वितरण परियोजना एमडीपीई गैस पाइप लाइन बिछाने का शुभारंभ सांसद पूर्व केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री राधा मोहन सिंह ने अमर रिसोर्ट में आयोजित कार्यक्रम में किया। विवेक प्रताप सिंह विसेन प्रादेशिक प्रबंधक गैस बिहार- 2 भारत पेट्रोलियम कारपोरेशन लिमिटेड ने उक्त परियोजना के संबंध में विस्तार से बताया।
उक्त अवसर पर सांसद श्री सिंह ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि
वर्तमान में भारत की प्राथमिक ऊर्जा खपत में प्राकृतिक गैस का शेयर 6 से साढ़े 6 तक है। भारत सरकार ने भारत को गैस बेस्ड इकोनॉमी बनाने के संकल्प के साथ वर्ष 2030 तक गैस के शेयर को बढ़ाकर 15 प्रतिशत तक लाने का टारगेट रखा है।
श्री सिंह ने कहा कि उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2014 तक देश में सिर्फ 15,340 किलोमीटर प्राकृतिक गैस पाइपलाइन बनी थी, जो प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में बीते 10 वर्षों में बढ़कर लगभग 25,000 किमी. हो गई है और 10 हजार से अधिक किलोमीटर पाइपलाइन अभी निर्माणाधीन भी है।
गैस पाइपलाइन इंफ्रास्ट्रक्चर के विकास से गैस के सस्ते एवं पर्यावरण फ्रेंडली ट्रांसपोर्टेशन में मदद मिलती है। अतः इस क्षेत्र में विभिन्न परियोजनाओं का समयबद्ध क्रियान्वयन तेज गति से किया जारहा है।

श्री सिंह ने कहा कि आज 27 जून 2025 को मोतिहारी में भारत पेट्रोलियम द्वारा पाइपलाइन के माध्यम से घरेलू उपभोक्ताओं के लिए प्राकृतिक गैस (पीएनजी) की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए अंडरग्राउण्ड एमडीपीई पाइपलाइन के कार्य का शुभारंभ किया जा रहा है। PNGRB, जो पेट्रोलियम मंत्रालय के अधीन एक संस्था है, जिसको भारत पेट्रोलियम को पूर्वी चम्पारण, पश्चिमी चंपारण, गोपालगंज, सीवान और उत्तर प्रदेश के देवरिया ज़िले में सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन की परियोजना के लिए अधिकृत किया है।
भारत पेट्रोलियम द्वारा प्राकृतिक गैस को इन ज़िलों में पहुँचाने के लिए स्टील पाइपलाइन डाली जा रही है जो गोरखपुर से देवरिया, सीवान, गोपालगंज, पिपराकोठी, मोतिहारी होते हुए बेतिया और रक्सौल तक जाएगी। गोरखपुर से देवरिया जिले की सीमा तक पाइपलाइन का कार्य पूर्ण हो चुका है और अगले डेढ़ वर्ष में उपरोक्त सभी ज़िलों के निवासियों के लिए प्राकृतिक गैस उपलब्ध हो जाएगी जिसका प्रयोग घरेलू उपभोक्ताओं के अतिरिक्त होटल, रेस्टोरेंट व उद्योग भी कर सकेंगे।
ऐसा अनुमान है कि इस परियोजना से इन ज़िलों में उद्योगों की स्थापना में तेज़ी आएगी और क्षेत्र का तेज़ी से विकास होगा। यह परियोजना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्राकृतिक गैस के उपयोग को बढ़ावा देकर नेट जीरो उत्सर्जन की प्रतिबद्धता को पूरा करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। प्राकृतिक गैस पर्यावरण अनुकूल ईंधन है जो वायु प्रदूषण को कम करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। यह गैस घरेलू उपभोक्ताओं के मासिक ईंधन खर्च को भी कम करेगी क्योंकि यह एलपीजी से सस्ती है। इसके अतिरिक्त सिलिंडर भराने का झंझट भी समाप्त हो जाएगा। प्राकृतिक गैस एलपीजी की तुलना में अधिक सुरक्षित व सुविधाजनक है।
मोतिहारी में चरणबद्ध तरीके से अंडरग्राउंड पाइपलाइन का कार्य किया जाएगा और यह कार्य लगभग एक वर्ष में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
उक्त अवसर पर मोतिहारी विधायक प्रमोद कुमार, उपमहापौर डॉ० लालबाबू प्रसाद, भाजपा जिलाध्यक्ष पवन राज, गाँधी संग्रहालय के सचिव चंद्रभूषण पाण्डेय, अमरनाथ साहू सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित शामिल थे।













