-भाजपा विधायक को AK-47 से उड़ाने की धमकी! सोशल मीडिया विवाद ने लिया सनसनीखेज मोड़
मुजफ्फरपुर। बिहार के मुजफ्फरपुर से एक बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसने राजनीतिक और पुलिस महकमे में हड़कंप मचा दिया है। रंजन कुमार को कथित तौर पर AK-47 से जान से मारने की धमकी दी गई है। सोशल मीडिया पोस्ट से शुरू हुआ विवाद अब धमकी, मारपीट और पुलिस जांच तक पहुंच गया है। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है।
जानकारी के अनुसार भाजपा विधायक रंजन कुमार ने मिठनपुरा थाना में आवेदन देकर एफआईआर दर्ज करने की मांग की है। विधायक का आरोप है कि कन्हौली निवासी मुकुंद कुमार और पताही के एक युवक ने सोशल मीडिया के जरिए उनकी राजनीतिक छवि खराब करने की साजिश रची। विधायक के मुताबिक आरोपी लगातार मुजफ्फरपुर विधानसभा क्षेत्र को लेकर भ्रामक और भड़काऊ पोस्ट साझा कर रहा था।
विधायक ने आरोप लगाया कि बीती रात उनकी तस्वीर का गलत इस्तेमाल कर सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक सामग्री पोस्ट की गई, जिससे उनकी छवि को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की गई। मामला तब और गरमा गया जब विधायक अपने समर्थकों और मोहल्ले के कुछ लोगों के साथ आरोपी के घर पूछताछ करने पहुंचे।

आरोप है कि वहां मौजूद मुकुंद कुमार ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। विधायक का दावा है कि आरोपी ने खुद को अपराधी बताते हुए कहा कि वह पहले भी AK-47 रखने के मामले में जेल जा चुका है और जरूरत पड़ने पर उसी हथियार से सबको “भून” देगा। इस कथित धमकी के बाद राजनीतिक गलियारों में सनसनी फैल गई है।
विधायक ने पूरे मामले की शिकायत स्थानीय थाने के अलावा मुजफ्फरपुर पुलिस के एसएसपी और साइबर थाना पुलिस को भी भेजी है। उन्होंने संबंधित सोशल मीडिया अकाउंट की जांच कर आईटी एक्ट सहित अन्य गंभीर धाराओं में कार्रवाई की मांग की है।
हालांकि मामले ने नया मोड़ तब लिया जब दूसरे पक्ष की ओर से भी शिकायत दर्ज कराई गई। आरोपी मुकुंद कुमार ने विधायक और उनके समर्थकों पर घर में घुसकर मारपीट करने का आरोप लगाया है। पुलिस अब दोनों पक्षों के आरोपों की जांच में जुट गई है।
मिठनपुरा थानाध्यक्ष अजय कुमार ने बताया कि डिजिटल सबूत, सोशल मीडिया पोस्ट और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान खंगाले जा रहे हैं। वरीय अधिकारियों के निर्देश पर एफआईआर दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है।
फिलहाल इस पूरे घटनाक्रम ने मुजफ्फरपुर की राजनीति में भारी उबाल ला दिया है और लोग पुलिस कार्रवाई पर नजर बनाए हुए हैं।











