-भागलपुर के सलारपुरिया सरस्वती विद्या मंदिर सैनिक स्कूल में शुरू होगा एनसीसी पाठ्यक्रम
भागलपुर।
गणपतराय सलारपुरिया सरस्वती विद्या मंदिर सैनिक स्कूल, सलारपुरिया को राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) पाठ्यक्रम प्रारंभ करने की स्वीकृति मिल गई है। इस अवसर पर शनिवार को विद्यालय परिसर में एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें एनसीसी पाठ्यक्रम के शुभारंभ की औपचारिक घोषणा की गई।
कार्यक्रम का शुभारंभ 4 बिहार बटालियन एनसीसी भागलपुर के कमांडिंग ऑफिसर लेफ्टिनेंट कर्नल विकास मंडल, सूबेदार मेजर शीतल सिंह, भागलपुर विभाग के जिला निरीक्षक सतीश कुमार सिंह, विद्यालय के अध्यक्ष चंद्रभूषण सिंह, कोषाध्यक्ष तिलक राज वर्मा, सदस्य मधुसूदन झा तथा प्रधानाचार्य अमरेश कुमार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
इस मौके पर लेफ्टिनेंट कर्नल विकास मंडल ने कहा कि यह विद्यालय के लिए ऐतिहासिक दिन है। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय कैडेट कोर की स्थापना वर्ष 1948 में हुई थी और यह दुनिया का सबसे बड़ा वर्दीधारी युवा संगठन है। उन्होंने कहा कि एनसीसी के माध्यम से विद्यार्थियों को अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्रसेवा की भावना विकसित करने का अवसर मिलता है।

उन्होंने बताया कि फिलहाल विद्यालय में अष्टम कक्षा के छात्रों को एनसीसी में शामिल होने का अवसर मिलेगा, जबकि अगले सत्र में सप्तम से अष्टम कक्षा में आने वाले विद्यार्थियों को भी इसमें शामिल होने का मौका मिलेगा।
कार्यक्रम के दौरान लेफ्टिनेंट कर्नल विकास मंडल और सूबेदार मेजर शीतल सिंह ने विद्यालय के प्रधानाचार्य अमरेश कुमार, अध्यक्ष चंद्रभूषण सिंह तथा विद्यालय के एनसीसी ऑफिसर सागर कुमार को एनसीसी रेजिंग पत्र प्रदान किया।
प्रधानाचार्य अमरेश कुमार ने धन्यवाद ज्ञापन करते हुए कहा कि विद्यालय को पहले से सैनिक स्कूल की मान्यता प्राप्त है और अब एनसीसी पाठ्यक्रम शुरू होने से विद्यार्थियों को सैन्य प्रशिक्षण और व्यक्तित्व विकास के बेहतर अवसर मिलेंगे।
कार्यक्रम का संचालन एवं अतिथि परिचय विद्यालय के वरिष्ठ आचार्य अजय कुमार ने किया।
इस अवसर पर सूबेदार प्रवीण थापा, हवलदार दलवीर सिंह, कंपनी हवलदार मेजर मुखिया कुमार यादव, सेना से सेवानिवृत्त जेसीओ सुधाकर मिश्र, जयराम उरांव, सहसचिव अश्वनि खटोर, पूर्व छात्र अनुराग महराणा, शशि भूषण मिश्र, शांतनु आनंद समेत विद्यालय के सभी आचार्य और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।











