–भव्य कलश शोभायात्रा से गूंजा पूसा बाज़ार, 251 कन्याओं ने लिया हिस्सा
पूसा (समस्तीपुर)। दीपक तिवारी।
चैत्र नवरात्रा के पावन अवसर पर पूसा बाजार स्थित पुरानी पुल के पास जगदम्बा स्थान से भव्य कलश शोभायात्रा निकाली गई। गाजे-बाजे और “जय माता दी” के जयकारों के बीच निकली इस यात्रा ने पूरे क्षेत्र को भक्तिमय माहौल में रंग दिया।
शोभायात्रा में कुल 251 कन्याओं ने सिर पर कलश लेकर भाग लिया, जिससे आयोजन की भव्यता देखते ही बन रही थी। माथे एवं कांधे पर लाल चुंदरी ओढ़े छोटी-बड़ी कन्याएं सधे कदमों से कलश लेकर चल रही थीं। उनके साथ गूंजते जयकारों और आस्था से भरे वातावरण ने पूरे क्षेत्र को उत्साहमय बना दिया।

इससे पूर्व बूढ़ी गंडक नदी के सैदपुर घाट पर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच कलश में जल भरवाया गया। जल लेकर सभी कलश यात्री पुनः पूजा स्थल पहुंचे, जहां विधिवत पूजा-अर्चना की गई।
कार्यक्रम का संचालन एवं पूजन वैदिक विधि-विधान से पंडित सोमदास शास्त्री ने कराया। इस धार्मिक आयोजन के यजमान मोनू चौधरी एवं राजन महतो रहे। यात्रा मार्ग में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी रही और जगह-जगह पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का भव्य स्वागत किया गया।
आयोजन को सफल बनाने में पारस चौधरी, शंभु गोस्वामी, चंदन राय, मुन्ना, राजा, धरवेंद्र, मनीष, अमित चौधरी, अमरजीत सहित कई कार्यकर्ताओं ने सक्रिय भूमिका निभाई।
शोभायात्रा के समापन के बाद श्रद्धालुओं ने माता रानी की पूजा-अर्चना कर क्षेत्र में सुख-समृद्धि और शांति की कामना की। गुरुवार को कलश स्थापना के साथ ही चैत्र नवरात्रा की शुरुआत हो गई, जिससे पूरे क्षेत्र में भक्ति और उत्साह का माहौल बना हुआ है।












