Advertisement

बेला मोड़ पर ग्रामीणों का फूटा गुस्सा, सड़क निर्माण की मांग को लेकर पूसा मार्ग जाम

-बेला मोड़ पर ग्रामीणों का फूटा गुस्सा, सड़क निर्माण की मांग को लेकर पूसा मार्ग जाम

मुजफ्फरपुर। शहर के बेला मोड़ के पास वर्षों से जर्जर और अधूरी पड़ी सड़क को लेकर स्थानीय लोगों का गुस्सा आखिरकार सड़क पर फूट पड़ा। सड़क निर्माण नहीं होने से नाराज ग्रामीणों ने पूसा मार्ग को पूरी तरह जाम कर जोरदार प्रदर्शन शुरू कर दिया।

ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार प्रशासन और जनप्रतिनिधियों को सड़क की बदहाल स्थिति से अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई। लोगों का कहना है कि सड़क की खराब हालत के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं और राहगीरों के साथ स्थानीय निवासियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

सड़क जाम के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई है। यात्री घंटों जाम में फंसे रहे, जिससे आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो गया। प्रदर्शन कर रहे ग्रामीण सड़क निर्माण कार्य जल्द शुरू करने की मांग पर अड़े हुए हैं।

सूचना मिलने के बाद स्थानीय प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंची तथा ग्रामीणों को समझाने का प्रयास शुरू किया। प्रशासनिक अधिकारियों ने लोगों को आश्वासन दिया कि उनकी मांगों को संबंधित विभाग तक पहुंचाया जाएगा।

फिलहाल इलाके में स्थिति तनावपूर्ण लेकिन नियंत्रण में बताई जा रही है। प्रशासन लगातार प्रदर्शनकारियों से वार्ता कर जाम समाप्त कराने की कोशिश में जुटा हुआ है।