-बेनीबाद में भक्ति के रंग में रंगी होली: शिवदाहा स्थित मां भगवती मंदिर में भजन-कीर्तन के साथ मनाया गया उत्सव
दीपक कुमार। गायघाट
बेनीबाद थाना क्षेत्र के शिवदाहा गांव स्थित मां भगवती मंदिर परिसर में इस वर्ष होली का पर्व आस्था और भक्ति के रंगों के साथ बड़े धूमधाम से मनाया गया। मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी रही और भजन-कीर्तन, होली गीत तथा गुलाल अर्पण के साथ पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।
मां भगवती के चरणों में रंग-गुलाल अर्पित कर श्रद्धालुओं ने सुख-समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना की। ढोल-मंजीरा और भक्ति गीतों की धुन पर महिलाएं, पुरुष और युवा भक्त झूमते नजर आए। मंदिर परिसर ‘जय माता दी’ के जयकारों से गूंजता रहा।
युवा नेता संतोष यादव और समाजसेवी सह पंचायत सदस्य पति विजय राय ने बताया कि होली के पावन अवसर पर मां के चरणों में गुलाल चढ़ाने की परंपरा भक्ति और समर्पण का प्रतीक है। यह परंपरा लोगों के कष्ट दूर कर जीवन में सुख-शांति लाने की भावना से जुड़ी है। उन्होंने कहा कि इस तरह के धार्मिक आयोजनों से समाज में आपसी प्रेम, भाईचारा और एकता मजबूत होती है।

उन्होंने यह भी बताया कि काशी में रंगभरी एकादशी के अवसर पर मां चौसठ्ठी देवी को पहला गुलाल चढ़ाने की पुरानी परंपरा है, जो आस्था और ऊर्जा का प्रतीक मानी जाती है। उसी परंपरा से प्रेरित होकर यहां भी श्रद्धालु मां के चरणों में रंग अर्पित करते हैं।
होली के रंगों का विशेष महत्व बताया गया, जहां लाल रंग प्रेम और शक्ति का, हरा रंग खुशहाली का और गुलाल आपसी भाईचारे व उल्लास का प्रतीक माना जाता है।
पूरे आयोजन के दौरान मंदिर परिसर में शांति, सौहार्द और उत्साह का माहौल बना रहा। ग्रामीणों ने सामूहिक रूप से प्रसाद वितरण भी किया और एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं।












