Advertisement

बेटी ने रोते हुए कहा- “मां को पापा मारे हैं, पुलिस अंकल सबको जेल भेजो”

-बेटी ने रोते हुए कहा- “मां को पापा मारे हैं, पुलिस अंकल सबको जेल भेजो”

-गयाजी में निशा कांड

गया।ब्यूरो।

मुफस्सिल थाना क्षेत्र के जनकपुर मोहल्ले में 17 जून को संदिग्ध हालात में हुई निशा की मौत के बाद अब यह मामला तूल पकड़ता जा रहा है। मृतका के परिजन न्याय के लिए भटक रहे हैं। निशा की मां राधिका देवी ने अपने दामाद पर हत्या का गंभीर आरोप लगाया है। वहीं, मृतका की मासूम बेटी आरोही गुप्ता का एक मार्मिक वीडियो सामने आया है, जिसमें वह रो-रोकर पुलिस से अपने पिता को जेल भेजने की अपील कर रही है।

राधिका देवी ने बताया कि उन्हें 17 जून को ससुराल से फोन आया कि निशा ने जहर खाकर आत्महत्या कर ली है। लेकिन वह इस बात पर विश्वास नहीं कर पा रहीं। उन्होंने आरोप लगाया कि ससुराल वालों ने नशीला पदार्थ पिलाकर उनकी बेटी की हत्या की है। उनका कहना है कि निशा बहादुर थी, वह आत्महत्या नहीं कर सकती। राधिका देवी ने प्रशासन से गुहार लगाई है कि उनकी बेटी के दोषियों को फांसी की सजा दी जाए।

इधर, मासूम आरोही गुप्ता का बयान दिल को झकझोर देने वाला है। उसने बताया कि उसके पिता शराब पीकर आते थे और रोज उसकी मां को पीटते थे। जब वह मां को बचाने जाती, तो उसे भी धक्का देकर गिरा दिया जाता था। आरोही ने कहा, “मां को पापा मारे हैं, पुलिस अंकल सबको जेल भेज दो।”

बताया जा रहा है कि मारपीट की एक वीडियो क्लिप सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है, जिसमें मृतका के साथ हिंसा के दृश्य सामने आए हैं। इस घटना ने पूरे इलाके में आक्रोश फैला दिया है।

पीड़ित परिवार ने मीडिया और प्रशासन से न्याय की मांग की है। स्थानीय प्रशासन ने मामले की जांच की बात कही है, लेकिन अब तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। पीड़ित परिवार इंसाफ की उम्मीद में दर-दर भटक रहा है।