-बेगूसराय में दिनदहाड़े फायरिंग: चोरी का विरोध करने पर दुकानदार पर तानी बंदूक, VIDEO वायरल
बेगूसराय। बेगूसराय में एक बार फिर अपराधियों का दुस्साहस सामने आया है। साहेबपुर कमाल थाना क्षेत्र के चौकी गांव से जुड़ा एक कथित वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक युवक हथियार लहराते हुए ग्रिल दुकान पर पहुंचकर दुकानदार को धमकाता और फायरिंग करता नजर आ रहा है। हालांकि, इस वायरल वीडियो की अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना चौकी पंचायत के वार्ड संख्या-10 की बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि दुकानदार विकास शर्मा की ग्रिल दुकान के सामने चौकी गांव निवासी कारे लाल महतो (पुत्र- बादी महतो) कथित रूप से उनकी बाइक की बैटरी चोरी कर रहा था। इसी दौरान दुकानदार ने आरोपी को रंगे हाथ पकड़ लिया।

चोरी का विरोध करने पर आरोपी आक्रोशित हो गया और बहस करने लगा। देखते ही देखते उसने जेब से देसी कट्टा निकाल लिया और दुकानदार को धमकी देते हुए फायरिंग कर दी। गनीमत रही कि गोली दुकानदार को नहीं लगी और वह बाल-बाल बच गए, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।
घटना के दौरान मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को पकड़ लिया और स्थिति को बिगड़ने से बचाया। सूचना मिलते ही साहेबपुर कमाल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो की सत्यता की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इलाके में इस घटना के बाद दहशत का माहौल है।











