-बीस सूत्री की बैठक में अधिकारियों की अनुपस्थिति पर सदस्यों का फूटा आक्रोश
राजापाकर/संजय श्रीवास्तव। प्रखंड कार्यालय राजापाकर के सभागार में प्रखंड बीस सूत्री की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता बीस सूत्री के प्रखंड अध्यक्ष अवधेश राय ने की, जबकि संचालन प्रखंड विकास पदाधिकारी डॉ. सूर्य प्रताप सिंह ने किया। बैठक में बीस सूत्री के सदस्यों के साथ विभिन्न विभागों के पदाधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में कई महत्वपूर्ण विभागों के पदाधिकारियों एवं कर्मियों के अनुपस्थित रहने पर सदस्यों ने नाराजगी जताई। मनरेगा विभाग से कोई भी पदाधिकारी एवं कर्मी बैठक में उपस्थित नहीं हुआ। वहीं प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी और प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी के भी अनुपस्थित रहने पर सदस्यों ने आक्रोश व्यक्त किया। सदस्यों ने अनुपस्थित पदाधिकारियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की मांग की।
शिक्षा विभाग की समीक्षा के दौरान विभिन्न विद्यालयों में साफ-सफाई और शौचालय की व्यवस्था का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। सदस्यों ने आरोप लगाया कि कई विद्यालयों में बच्चों को शौचालय का उपयोग नहीं करने दिया जाता है और शौचालय में ताला बंद रखा जाता है। अधिकारियों के निरीक्षण के समय ही ताला खोलकर शौचालय को साफ दिखाया जाता है। सदस्यों ने विद्यालयों में साफ-सफाई के नाम पर राशि की निकासी पर भी सवाल उठाते हुए इसकी जांच की मांग की।
प्रखंड आपूर्ति विभाग की समीक्षा के दौरान सदस्यों ने गोदाम से जन वितरण प्रणाली के दुकानदारों तक अनाज पहुंचने के दौरान होने वाली कथित कमी का मुद्दा उठाया। इस पर सदस्यों ने नाराजगी जताते हुए व्यवस्था में सुधार की मांग की।

आंगनबाड़ी केंद्रों की समीक्षा के दौरान सदस्यों ने अग्रिम रूप से एफआरएस के माध्यम से अनाज उठाव किए जाने पर भी सवाल उठाया और सीडीपीओ के कार्यकलापों पर नाराजगी व्यक्त की। बैठक में निजी भवनों में संचालित आंगनबाड़ी केंद्रों की सूची उपलब्ध कराने को कहा गया। सदस्यों ने बताया कि कई स्थानों पर आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए सरकारी भवन बनकर तैयार हैं, लेकिन वहां केंद्र संचालित नहीं किए जा रहे हैं। ऐसे में निजी भवनों में केंद्र चलाकर सरकारी राशि के दुरुपयोग का आरोप लगाते हुए संबंधित मामलों में कार्रवाई की मांग की गई।
बिजली विभाग की ओर से कनीय विद्युत अभियंता विक्रम कुमार ने प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना की जानकारी दी। उन्होंने लोगों से सरकार द्वारा अनुदानित दर पर सौर ऊर्जा प्लेट लगवाने की अपील की और अधिक से अधिक लोगों को योजना का लाभ दिलाने की बात कही।
बैठक में अन्य विभागों में संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की भी जानकारी सदस्यों को दी गई। इस अवसर पर बीस सूत्री अध्यक्ष अवधेश राय, उपाध्यक्ष प्रतिनिधि सुबोध सिंह, सदस्य भीम कुमार, बजरंग सिंह, हरिशंकर सिंह, राकेश कुमार, अशोक सिंह, किस्मत देवी, दुर्गेश नंदिनी, मुकेश पटेल सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी उपस्थित थे।












