Advertisement

बीईयू की लापरवाही से एमआईटी के रोबोटिक्स व बायोमेडिकल छात्रों का भविष्य अधर में

-बीईयू की लापरवाही से एमआईटी के रोबोटिक्स व बायोमेडिकल छात्रों का भविष्य अधर में

-रिजल्ट में ‘एबी’ दिखने से बढ़ी चिंता

मुजफ्फरपुर। बिहार इंजीनियरिंग यूनिवर्सिटी (बीईयू) की कथित प्रशासनिक लापरवाही के कारण एमआईटी मुजफ्फरपुर के बायोमेडिकल एवं रोबोटिक्स इंजीनियरिंग विभाग के 2022 बैच के छात्रों का भविष्य संकट में पड़ गया है। एनपीटीईएल (NPTEL) परीक्षा का परिणाम अब तक विश्वविद्यालय के पोर्टल पर अपडेट नहीं किए जाने से पूरे बैच के छात्रों को परिणाम में ‘एबी’ (अनुपस्थित) दिखाया जा रहा है, जबकि छात्रों का दावा है कि उन्होंने परीक्षा में भाग लिया था और उसका परिणाम भी जारी हो चुका है।
छात्रों के अनुसार, बीईयू द्वारा निर्धारित पाठ्यक्रम के तहत कॉलेज प्रशासन के निर्देश पर सभी विद्यार्थियों ने एनपीटीईएल कोर्स में पंजीकरण कराया और परीक्षा सफलतापूर्वक दी। परीक्षा का परिणाम घोषित होने के बावजूद विश्वविद्यालय ने उसे अपने पोर्टल पर अपडेट नहीं किया। छात्रों का कहना है कि इस संबंध में एमआईटी प्रशासन ने भी बीईयू को चार बार ई-मेल भेजकर परिणाम अपडेट करने का अनुरोध किया, लेकिन अब तक कोई संतोषजनक कार्रवाई नहीं हुई है।


छात्रों ने आरोप लगाया कि शुरुआत में उन्हें आश्वासन दिया गया था कि आठवें सेमेस्टर में परिणाम पोर्टल पर अपडेट कर दिया जाएगा, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। अब उन पर पूरक (सप्लीमेंट्री) परीक्षा का फॉर्म भरने का दबाव बनाया जा रहा है, जबकि गलती उनकी नहीं बल्कि विश्वविद्यालय की है।
छात्रों का कहना है कि इस तकनीकी और प्रशासनिक त्रुटि के कारण उन्हें एमटेक में नामांकन, सरकारी एवं निजी क्षेत्र की नौकरियों और अन्य करियर अवसरों में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उनका कहना है कि समय रहते समस्या का समाधान नहीं हुआ तो उनके भविष्य पर गंभीर असर पड़ सकता है।
गौरतलब है कि इससे पहले भी बीईयू में इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग शाखा के परिणाम को लेकर इसी तरह की गड़बड़ी सामने आ चुकी है। उस समय छात्रों के विरोध और लगातार रिमाइंडर भेजे जाने के बाद विश्वविद्यालय ने परिणाम में सुधार किया था। अब एमआईटी के बायोमेडिकल और रोबोटिक्स इंजीनियरिंग के छात्रों ने भी विश्वविद्यालय से जल्द से जल्द सही परिणाम पोर्टल पर अपडेट करने और उनकी शैक्षणिक एवं रोजगार संबंधी परेशानियों का समाधान करने की मांग की है।