Advertisement

बीआरए बिहार विश्वविद्यालय की टीम ने किया बीएमडी कॉलेज दयालपुर का निरीक्षण, पीजी पाठ्यक्रम शुरू करने की तैयारी तेज

–बीआरए बिहार विश्वविद्यालय की टीम ने किया बीएमडी कॉलेज दयालपुर का निरीक्षण, पीजी पाठ्यक्रम शुरू करने की तैयारी तेज

राजापाकर | संजय श्रीवास्तव
दयालपुर स्थित बीएमडी कॉलेज में विभिन्न संकायों में स्नातकोत्तर (पीजी) पाठ्यक्रम की शुरुआत को लेकर बिहार विश्वविद्यालय द्वारा गठित निरीक्षण टीम ने सोमवार को महाविद्यालय का गहन निरीक्षण किया। विश्वविद्यालय की ओर से पहुंचे विशेषज्ञों ने कॉलेज की शैक्षणिक, प्रयोगात्मक एवं आधारभूत संरचनाओं का बारीकी से मूल्यांकन किया।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. श्याम रंजन प्रसाद सिंह ने टीम के सदस्यों का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया। निरीक्षण दल में कॉलेज इंस्पेक्टर डॉ. राजीव कुमार, जंतु विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. सुषमा कुमारी (आर एन कॉलेज हाजीपुर) तथा विश्वविद्यालय गणित विभाग के डॉ. जितेषपति त्रिपाठी शामिल थे।


प्राचार्य ने टीम को विभिन्न संकायों में नामांकित छात्रों की संख्या, पुस्तकालय में उपलब्ध विषयवार पुस्तकों, प्रयोगशालाओं, स्मार्ट क्लास, लैंग्वेज लैब और अन्य संसाधनों से जुड़ी विस्तृत जानकारी दी। इसके बाद सदस्यों ने प्रयोगशालाओं, पुस्तकालय, कक्षाओं और आधारभूत ढांचे का निरीक्षण किया तथा शिक्षकों से विभागवार चर्चा कर आवश्यक सूचनाएं प्राप्त कीं।
निरीक्षण के दौरान टीम ने स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम संचालन को लेकर आवश्यक सुझाव भी दिए। कॉलेज की व्यवस्था और उपलब्ध संसाधनों से टीम के सदस्य संतुष्ट नजर आए। निरीक्षण के बाद महाविद्यालय में पीजी कोर्स शुरू होने की संभावनाएं और मजबूत मानी जा रही हैं।