-बिहार में ‘सीएम चेहरा’ को लेकर एनडीए में हलचल
-सम्राट चौधरी समेत भाजपा के बड़े नेता पहुंचे नीतीश कुमार से मिलने
-हरियाणा सीएम के बयान के बाद गरमाई सियासत -जदयू की नाराजगी को साधने की कवायद
पटना।दीपक कुमार तिवारी।
बिहार में विधानसभा चुनाव से पहले एनडीए में मुख्यमंत्री पद को लेकर सियासी पारा चढ़ता जा रहा है। मंगलवार को बिहार की राजनीति में उस समय हलचल मच गई जब भाजपा के कई दिग्गज नेता अचानक मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के आवास पहुंचे। इस मुलाकात के पीछे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित बिहार दौरे और हाल में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के बयान से उपजी नाराजगी को कारण माना जा रहा है।
हरियाणा के सीएम सैनी ने कुछ दिन पहले एक सार्वजनिक कार्यक्रम में यह कह दिया था कि “बिहार में भाजपा की सरकार सम्राट चौधरी के नेतृत्व में बनेगी”। इस बयान ने न केवल एनडीए में भ्रम की स्थिति पैदा कर दी, बल्कि जदयू खेमे में नाराजगी भी देखी गई। जदयू साफ कर चुकी है कि अगला चुनाव भी नीतीश कुमार के नेतृत्व में ही लड़ा जाएगा।

हालांकि स्थिति को संभालने के लिए डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी, खुद भी सामने आए और स्पष्ट कहा कि
“चुनाव नीतीश कुमार के नेतृत्व में ही होगा और वही मुख्यमंत्री बनेंगे।
इस बयान के बाद भी भाजपा नेताओं का नीतीश कुमार के आवास पर जाना, कई राजनीतिक संकेत दे गया।
सीएम आवास पर पहुंचने वालों में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल, डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी, केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय, भीखुभाई दालसानियां, नितिन नवीन, और नांगेंद्र त्रिपाठी शामिल थे। इतना बड़ा भाजपा प्रतिनिधिमंडल एक साथ मुख्यमंत्री से मिलने गया, जिसने सियासी गलियारों में कयासों को जन्म दे दिया है।
इस बीच, नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार का बयान भी चर्चा में है। उन्होंने कहा कि
> “अमित अंकल (गृह मंत्री अमित शाह) ने कहा है कि पिताजी के नेतृत्व में ही चुनाव लड़ा जाएगा और वही आगे भी मुख्यमंत्री बनेंगे।”
राजनीतिक जानकार मानते हैं कि यह मुलाकात सिर्फ नाराजगी दूर करने की नहीं, बल्कि एनडीए की रणनीतिक एकजुटता को भी दर्शाने की कोशिश है। माना जा रहा है कि प्रधानमंत्री मोदी के 24 अप्रैल के मधुबनी दौरे से पहले गठबंधन में किसी भी प्रकार के भ्रम को खत्म करना जरूरी है।
अब देखना यह होगा कि इस मुलाकात से एनडीए की सियासी स्थिति कितनी साफ होती है, और चुनाव से पहले के इस उठापटक वाले मौसम में जनता किस चेहरे पर भरोसा जताती है।
#बिहारचुनाव2025 #NDAPolitics #नीतीशकुमार #सम्राटचौधरी #JDUvsBJP #CMFaceDebate #पटना_सियासत #PMModiBiharVisit











