Advertisement

बिहार में भ्रष्ट पुलिस पर सख्ती: शिकायत मिलते ही अब होगा डिमोशन, DGP का बड़ा आदेश

–बिहार में भ्रष्ट पुलिस पर सख्ती: शिकायत मिलते ही अब होगा डिमोशन, DGP का बड़ा आदेश

पटना | ब्यूरो।
बिहार में पुलिस व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए डीजीपी विनय कुमार ने सख्त कदम उठाए हैं। थानों में बढ़ती मनमानी और रिश्वतखोरी की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए अब केवल निलंबन नहीं, बल्कि दोषी पुलिस अधिकारियों का डिमोशन किया जाएगा। इस संबंध में सभी जिलों के एसपी को स्पष्ट निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
दरअसल, पिछले कुछ समय से पुलिसकर्मियों के खिलाफ लगातार शिकायतें सामने आ रही थीं। जनसुनवाई और पुलिस मुख्यालय में दर्ज शिकायतों में रिश्वतखोरी, लापरवाही और अवैध गतिविधियों में संलिप्तता जैसे गंभीर आरोप शामिल हैं। इसे देखते हुए पुलिस मुख्यालय ने सख्त रुख अपनाया है और सभी एसपी को अपने-अपने क्षेत्रों में ऐसे कर्मियों की पहचान कर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा है।


अब तक विभागीय कार्रवाई के तौर पर केवल निलंबन किया जाता था, जिससे कई मामलों में दोषियों को बाद में राहत मिल जाती थी। कई बार निलंबन अवधि का वेतन भी मिल जाने से कार्रवाई का असर कम हो जाता था। इसी कारण अब डिमोशन जैसे कड़े कदम उठाने का फैसला लिया गया है, ताकि दोषियों को स्थायी सजा मिल सके और पुलिस विभाग में अनुशासन कायम हो।
पुलिस मैनुअल में पहले से ही डिमोशन का प्रावधान मौजूद है, जिसके तहत इंस्पेक्टर को दारोगा या दारोगा को जमादार बनाया जा सकता है। डीजीपी का मानना है कि इस सख्ती से भ्रष्टाचार पर लगाम लगेगी और आम जनता का भरोसा पुलिस व्यवस्था पर और मजबूत होगा।