Advertisement

बिहार में फूहड़ गानों पर सख्ती की तैयारी, मंत्री प्रमोद चंद्रवंशी ने दी कार्रवाई की चेतावनी

-बिहार में फूहड़ गानों पर सख्ती की तैयारी, मंत्री प्रमोद चंद्रवंशी ने दी कार्रवाई की चेतावनी

मुजफ्फरपुर। बिहार में फूहड़ और अश्लील गानों पर जल्द सख्ती देखने को मिल सकती है। बिहार सरकार के कला-संस्कृति एवं खान व भूतत्व मंत्री प्रमोद कुमार चंद्रवंशी ने साफ शब्दों में कहा है कि फूहड़ गाने बनाने और बजाने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उनके इस बयान के बाद राज्य में अश्लील और आपत्तिजनक गीतों पर लगाम लगाने की चर्चा तेज हो गई है।

मुजफ्फरपुर पहुंचे मंत्री प्रमोद कुमार चंद्रवंशी ने कहा कि खासकर महिलाओं और बेटियों को लेकर बनाए और बजाए जाने वाले अश्लील गीत किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि विभाग इसको लेकर पूरी तैयारी कर रहा है और कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।

मंत्री ने कहा कि समाज में सांस्कृतिक मूल्यों को बचाने के लिए अश्लीलता फैलाने वाले गीतों पर रोक जरूरी है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि “फूहड़ गाने बनाने वाले और सार्वजनिक जगहों पर बजाने वाले लोग सावधान हो जाएं, उनके खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई होगी।”

अवैध खनन माफियाओं को भी दी चेतावनी:

मुजफ्फरपुर दौरे के दौरान मंत्री प्रमोद चंद्रवंशी ने अवैध खनन करने वालों को भी कड़ा संदेश दिया। उन्होंने कहा कि अवैध खनन में शामिल माफिया अब सावधान हो जाएं। यदि कोई गैरकानूनी तरीके से खनन करता पाया गया तो न पैसा काम आएगा और न ही पैरवी।

उन्होंने कहा,

“जो लोग कानून के दायरे में रहकर काम करेंगे, उन्हें कोई परेशानी नहीं होगी। लेकिन अवैध खनन करने वालों को जेल जाना पड़ेगा।”

बाबा गरीबनाथ मंदिर में की पूजा-अर्चना:

मुजफ्फरपुर पहुंचने के बाद मंत्री प्रमोद कुमार चंद्रवंशी ने प्रसिद्ध बाबा गरीबनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना की। मंदिर के पुजारी महंत अभिषेक पाठक और संत अमरनाथ ने विधि-विधान से पूजा संपन्न कराई। इस दौरान मंत्री ने बिहार और बिहारवासियों की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।

उन्होंने कहा कि बाबा गरीबनाथ की कृपा से ही उन्हें मंत्री बनने का अवसर मिला है, इसलिए सबसे पहले बाबा के दरबार में आशीर्वाद लेने पहुंचे हैं।

मंत्री के इस बयान के बाद बिहार में फूहड़ गानों और अवैध खनन को लेकर प्रशासनिक कार्रवाई तेज होने की संभावना जताई जा रही है।