-बिहार में अगले 24 घंटे के लिए ‘खतरनाक अलर्ट’ जारी, IMD की सख्त चेतावनी
पटना।ब्यूरो। बिहार में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने राज्य में अगले 24 घंटे के लिए ‘खतरनाक अलर्ट’ जारी किया है। विभाग के अनुसार बिहार में कोल्ड डे की स्थिति बनने की प्रबल संभावना है, जिससे ठंड और अधिक बढ़ सकती है।
मौसम वैज्ञानिकों ने बताया कि जम्मू-कश्मीर में इस सीजन की पहली बर्फबारी दर्ज की गई है, वहीं उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश की ऊंची चोटियों पर भी हिमपात हुआ है। इसका सीधा असर बिहार समेत पूरे उत्तर भारत में देखने को मिल रहा है। पहाड़ी इलाकों से आ रही पछुआ हवाओं ने राज्य में ठिठुरन बढ़ा दी है।

बताया जा रहा है कि पिछले चार दिनों से बिहार के आधे से अधिक हिस्सों में सूरज के दर्शन नहीं हुए हैं। घने बादल और ठंडी हवाओं के कारण न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। सुबह और शाम के समय ठंड का असर ज्यादा महसूस किया जा रहा है, जिससे जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो रहा है।
IMD ने खासकर बुजुर्गों, बच्चों और बीमार लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है। साथ ही किसानों को भी फसलों को लेकर सतर्क रहने को कहा गया है। मौसम विभाग ने लोगों से अनावश्यक रूप से बाहर न निकलने और गर्म कपड़ों का उपयोग करने की अपील की है।
मौसम विभाग के अनुसार यदि यही स्थिति बनी रही तो आने वाले दिनों में ठंड और भी बढ़ सकती है।












