-बागमती का कहर: मुजफ्फरपुर के गायघाट में जमींदारी बांध टूटा, कई गांवों में घुसा पानी
मुजफ्फरपुर। दीपक कुमार तिवारी।
मुजफ्फरपुर जिले के गायघाट प्रखंड में सोमवार की तड़के बागमती नदी का जमींदारी बांध टूट गया। यह बांध जमालपुर कोदई पंचायत के हरपुर में स्थित है। बांध टूटते ही नदी का पानी तेजी से ग्रामीण इलाकों में फैल गया, जिससे पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।
बताया गया कि रविवार सुबह से ही बागमती नदी के जलस्तर में लगातार वृद्धि हो रही थी। बढ़ते जलस्तर के कारण हरपुर जमींदारी बांध में रिसाव शुरू हो गया था। खतरे को देखते हुए ग्रामीणों ने रातभर बालू की बोरियां और मिट्टी डालकर बांध को बचाने की कोशिश की, लेकिन तेज धारा के सामने उनके सारे प्रयास नाकाम साबित हुए और सोमवार तड़के बांध टूट गया।

ग्रामीणों के अनुसार, बांध टूटने के बाद बागमती नदी का जल तेजी से दक्षिण, पश्चिम और उत्तर दिशा में फैल गया है। इससे जमालपुर कोदई के साथ कांटा, पिरौंछा उत्तरी तथा कमरथु पंचायत के कई गांवों में जलभराव की स्थिति बन गई है। खेतों में खड़ी धान की फसलें पूरी तरह बर्बाद हो गई हैं। कई परिवारों के घरों में पानी घुसने से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है।
ग्रामीणों ने स्थानीय अंचल अधिकारी को स्थिति की जानकारी दी है। प्रशासन की ओर से टीम भेजकर हालात का जायजा लेने और राहत कार्य शुरू करने की तैयारी की जा रही है। बाढ़ प्रभावित इलाकों में बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा को लेकर लोगों की चिंता बढ़ गई है।
#बागमतीउफान #गायघाटबांधटूटा #मुजफ्फरपुरबाढ़ #बागमतीकहर #हरपुरबांधटूटना #बिहारआपदा #फसलनुकसान #ग्रामिणदुश्वारी












