-बन्दरा में स्वस्थ नारी-सशक्त परिवार अभियान, विशेष शिविर में पहुंचेगी महिला विशेषज्ञों की टीम
मुजफ्फरपुर/बन्दरा।दीपक।
स्वस्थ नारी एवं सशक्त परिवार अभियान के तहत बुधवार को बन्दरा सीएचसी में एक विशेष स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर जिला मुख्यालय से महिला विशेषज्ञों की विशेष टीम पहुंचेगी।
प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. नौशाद अहमद ने जानकारी दी कि शिविर में स्त्री एवं शिशु रोग विशेषज्ञ शामिल रहेंगे। इसके साथ ही पूरे प्रखंड में कुल 18 स्थानों पर यह अभियान संचालित किया जाएगा, जिसमें 3 एपीएचसी और 14 आयुष्मान आरोग्य मंदिर शामिल हैं।

शिविर में महिलाओं की विभिन्न स्तरों की स्वास्थ्य जांच की जाएगी। विशेष रूप से एनीमिया, धातृ स्वास्थ्य, टीबी सहित अन्य बीमारियों की जांच की जाएगी। साथ ही महिलाओं को स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता भी दी जाएगी ताकि वे समय पर अपनी देखभाल कर सकें।
इस अभियान का उद्देश्य महिलाओं के स्वास्थ्य को मजबूत कर परिवार को सशक्त बनाना है।













