-बन्दरा प्रखंड में 6 से 14 वर्ष के विद्यालय से वंचित बच्चों की खोज,उसरा में सर्वे में 12 बच्चे चिह्नित
मुजफ्फरपुर/बन्दरा।दीपक।
स्कूल पोषण क्षेत्र अंतर्गत 6 से 14 वर्ष आयु वर्ग के ऐसे बच्चों की खोज को लेकर विशेष सर्वे अभियान चलाया जा रहा है, जिनका अब तक किसी भी विद्यालय में नामांकन नहीं हो पाया है। इसी क्रम में बन्दरा प्रखंड के प्राथमिक विद्यालय उसरा (PS Usra) की सर्वे टीम द्वारा क्षेत्र में व्यापक भ्रमण किया गया।
सर्वे टीम में शिक्षक राजन रजक एवं टोला सेवक मो. अफजल हुसैन अंसारी शामिल रहे। टीम ने विद्यालय पोषण क्षेत्र के उसरा, बरियापुर सहित आसपास के गांव, टोला एवं कस्बा क्षेत्रों का भ्रमण कर विद्यालय से वंचित बच्चों की पहचान की।
इससे पूर्व विद्यालय के प्रधानाध्यापक बंधन कुमार सिंह एवं शिक्षक राजन रजक की एक अन्य टीम ने भी क्षेत्र भ्रमण कर ऐसे बच्चों का पता लगाया था। दोनों टीमों के सर्वे के दौरान कुल 12 बच्चे चिन्हित किए गए, जिनमें एक टीम को 8 तथा दूसरी टीम को 4 बच्चे अनामांकित अवस्था में मिले।यह बच्चे विद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों से अबतक वंचित हैं।

सर्वे के दौरान यह सामने आया कि कई बच्चों का अब तक जन्म प्रमाणपत्र नहीं बना है, जबकि कुछ के पास आधार कार्ड नहीं होने के कारण विद्यालय में नामांकन नहीं हो सका था। टीम सदस्यों ने संबंधित बच्चों के अभिभावकों को समझाया-बुझाया तथा बच्चों को विद्यालय भेजने और नामांकन कराने के लिए प्रेरित किया।
शिक्षकों ने बताया कि अभिभावकों को आवश्यक दस्तावेज बनवाने हेतु उचित सलाह एवं मार्गदर्शन दिया गया है, ताकि सभी चिन्हित बच्चों का शीघ्र विद्यालय में नामांकन सुनिश्चित किया जा सके और उन्हें शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ा जा सके।











