Advertisement

बदमाशों ने दिनदहाड़े शहर के मुख्य सड़क के दुकान पर की फायरिंग

-बदमाशों ने दिनदहाड़े शहर के मुख्य सड़क के दुकान पर की फायरिंग

-बाइक पर सवार दो बदमाशों ने दहशत फैलाई, सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

मोतिहारी , राजन द्विवेदी।

मोतिहारी शहर के मुख्य मार्ग पर स्थित एक दुकान पर आज दिनदहाड़े बाइक सवार दो बदमाशों ने फायरिंग कर दहशत फैला दी है। घटना शहर के को-आपरेटिव बैंक के पास की है। सूचना पर पहुंची सदर वन के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी दिलीप कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने पूरी घटना की जांच की है। तकनीकी स्तर पर जांच हो रही है। विधि विज्ञान प्रयोगशाला की टीम ने भी पहुंचकर जांच की है। क्लोज सर्किट टेलीविजन कैमरे का फुटेज खंगाला जा रहा है।बताया गया है कि मंगलवार को हीरो ग्लैमर बाइक पर सवार दो बदमाश अचानक से मीना बाजार-छतौनी मार्ग (प्रधान पथ) स्थित को-आपरेटिव बैंक के पास पहुंचे।पहुंचने के साथ बदमाशों ने दो चक्र गोली चलाई। गोली बैंक के बगल में स्थित पुमा शो-रूम के ग्लो साइन बोर्ड पर लगी।

गोली चलने के बाद शो-रूम में उपस्थित लोग व आसपास के दुकानदार दहशत में आ गए। हालांकि फायरिंग में शो-रूम के मालिक व कर्मी बाल-बाल बचे। बताया गया है कि घटना के वक्त शो-रूम के मालिक प्रतिष्ठान पर नहीं थे।घटना की गंभीरता को देखते हुए सदर वन के एसडीपीओ के नेतृत्व में पुलिस की टीम जांच कर रही है। सीसी कैमरे के वीडियो फुटेज से पुलिस बदमाशों की पहचान करने में जुटी है। व्यवसायी राजू कुमार ने बताया कि दो चक्र गोली चली है। उक्त दुकान मेरा पुत्र सागर कुमार चलाता है। मेरी किसी से कोई दुश्मनी नहीं है। बदमाशों द्वारा की गई फायरिंग में दुकान का बोर्ड क्षतिग्रस्त हुआ है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। बता दें कि घटनास्थल के आसपास कई बड़े व्यावसायिक प्रतिष्ठान हैं। इस घटना के बाद व्यवसायियों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। लंबे समय बाद प्रधान पथ में गोली चली है। इस स्थिति को देखते हुए पुलिस बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए पूरे जिले की नाकेबंदी कर छापेमारी कर रही है। अनुमंडल पुलिस पदाधिकरी दिलीप कुमार ने कहा की फायरिंग हुई है। घटनास्थल का निरीक्षण कर पूरे जानकारी ली गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुमा शो-रूम व आसपास लगे सीसी कैमरों के फुटेज से बदमाशों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। शीघ्र बदमाशों की गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी।