-बड़ा हादसा होने का खतरा, सड़क पर झुका विद्युत पोल और लटक रहे तार
मुजफ्फरपुर। जिले के तरौरा पंचायत अंतर्गत सागरी गांव स्थित आईटीआई कॉलेज के पास रेलवे गुमटी के निकट बिजली विभाग की बड़ी लापरवाही सामने आई है। यहां सड़क किनारे लगा विद्युत पोल काफी दिनों से झुका हुआ है, जबकि बिजली के तार नीचे लटक रहे हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार तारों में लगातार करंट प्रवाहित हो रहा है, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
ग्रामीणों ने बताया कि यह समस्या लंबे समय से बनी हुई है, लेकिन अब तक विभाग की ओर से कोई ठोस पहल नहीं की गई है। सड़क से गुजरने वाले राहगीर, छात्र-छात्राएं और वाहन चालक हमेशा हादसे की आशंका में रहते हैं। खासकर बारिश और आंधी के दौरान स्थिति और अधिक खतरनाक हो जाती है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि आईटीआई कॉलेज और रेलवे गुमटी के पास होने के कारण यहां लोगों की आवाजाही काफी रहती है। ऐसे में झुका हुआ बिजली पोल और लटकते तार किसी बड़ी दुर्घटना को दावत दे रहे हैं।
ग्रामीणों ने बिजली विभाग और प्रशासन से तत्काल पोल को ठीक कराने तथा लटक रहे तारों को सुरक्षित करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि अगर समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है, जिसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित विभाग की होगी।










