-बंदरा के केवट्सा में निकली भव्य कलश शोभायात्रा, 551 कन्याओं ने लिया हिस्सा
मुजफ्फरपुर/बंदरा।दीपक।
आश्विन नवरात्रा पूजा सह मेला की शुरुआत रविवार को बंदरा प्रखंड के केवट्सा चौक दुर्गा स्थान में भव्य कलश शोभायात्रा के साथ हुई। गाजे-बाजे और भक्तिमय माहौल में सैकड़ों श्रद्धालुओं की मौजूदगी में कन्याओं का जत्था मिट्टी के कलश लेकर निकली।
यात्रा समस्तीपुर जिले के सैदपुर-पूसा पुल के पास बूढ़ी गंडक नदी घाट तक पहुंची। वहां वैदिक मंत्रोच्चार के बीच आचार्य मनीष झा के द्वारा मुख्य यजमान सुरेश राय के साथ सभी कन्याओं को कलश में जलबोझी करवाया गया। इसके बाद कन्याएं कलश लेकर पुनः पांव पैदल केवट्सा चौक दुर्गा पूजा स्थल लौटीं, जहां विधिवत कलश स्थापना की गई।

पूजा आयोजकों के अनुसार इस कलश शोभायात्रा में कुल 551 कन्याएं शामिल थीं, जो केवट्सा सहित आसपास के गांव और टोलों से पहुंची थीं। आयोजन में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी और पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा।
मुन्नी बैंगरी पंचायत के मुखिया सह पूजा समिति के सदस्य दीपक चौधरी एवं पूर्व उपमुखिया रामकुमार राय ने बताया कि विगत कई साल से यहां भव्य पंडाल लगाकर दुर्गा पूजा का आयोजन किया जाता है।इस साल भी नवरात्रि पूजा को लेकर कलश यात्रा निकाली गई।
इस यात्रा में रामप्रवेश राय,विनोद सहनी,संतोष मंडल,सीताराम कुमार,इंदल सहनी,इंद्रजीत सहनी,रंजीत चौधरी,ज्वाला राय समेत सैंकड़ों लोग थे।












