-फुलवरिया डैम मार्ग की क्षतिग्रस्त पुलिया का एसडीओ ने किया निरीक्षण, आज रात तक आवागमन बहाल करने के निर्देश
नवादा। रजौली प्रखंड के हरदिया पंचायत स्थित फुलवरिया डैम जाने वाले मार्ग पर बनी पुरानी पुलिया क्षतिग्रस्त होने के बाद जिला प्रशासन सक्रिय हो गया है। जिला पदाधिकारी रवि प्रकाश के निर्देश पर रविवार को अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) रजौली स्वतंत्र कुमार सुमन ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और संबंधित विभागों को तत्काल राहत कार्य शुरू करने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान एसडीओ ने सिंचाई प्रमंडल, रेलवे तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ क्षतिग्रस्त स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने आम लोगों की परेशानी को देखते हुए युद्धस्तर पर मरम्मत कार्य कराने और जल्द से जल्द आवागमन बहाल करने का निर्देश दिया।
एसडीओ ने बताया कि सिंचाई प्रमंडल रजौली और रेलवे के समन्वय से क्षतिग्रस्त पुलिया पर ह्यूम पाइप लगाने का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि आज रात तक मार्ग पर आवागमन बहाल कर दिया जाए, ताकि स्थानीय लोगों को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो।

इसके साथ ही लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग (पीएचईडी) को भी आवश्यक तकनीकी सहयोग उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। क्षतिग्रस्त स्थल से प्रभावित बहुउद्देशीय नल-जल योजना की पाइपलाइन की मरम्मत कर क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति भी जल्द से जल्द बहाल की जाएगी।
जिला प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि मरम्मत कार्य तेजी से कराया जा रहा है और आमजन की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है।












