-प्राइवेट हॉस्पिटल में 18 वर्षीय मरीज की मौत, इलाज में लापरवाही का आरोप; परिजनों का हंगामा
मुजफ्फरपुर। शहर के जुरन छपरा रोड नंबर-3 स्थित एक प्राइवेट हॉस्पिटल में सोमवार को 18 वर्षीय एक मरीज की इलाज के दौरान मौत हो गई। मरीज की मौत के बाद परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर इलाज में गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। देखते ही देखते अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
परिजनों का आरोप है कि मरीज की हालत बिगड़ने के बावजूद समय पर उचित इलाज नहीं किया गया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि अस्पताल प्रबंधन ने अपनी कथित लापरवाही छिपाने के लिए बाउंसरों की मदद से उन्हें जबरन अस्पताल से बाहर निकाल दिया, जिससे उनका आक्रोश और बढ़ गया।

हंगामे की सूचना मिलते ही ब्रह्मपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने परिजनों और अस्पताल प्रबंधन से घटना की जानकारी ली तथा मामले की जांच शुरू कर दी है।
फिलहाल अस्पताल प्रबंधन की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। वहीं, पुलिस का कहना है कि शिकायत मिलने पर विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। मामले की जांच जारी है।












