Advertisement

प्रधानमंत्री ने किया बिहार राज्य जीविका निधि साख सहकारी संघ लिमिटेड का शुभारंभ, महिलाओं को मिलेगा सशक्तिकरण का नया आधार

-प्रधानमंत्री ने किया बिहार राज्य जीविका निधि साख सहकारी संघ लिमिटेड का शुभारंभ, महिलाओं को मिलेगा सशक्तिकरण का नया आधार

पटना, 02 सितम्बर 2025।दीपक कुमार तिवारी।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बिहार राज्य जीविका निधि साख सहकारी संघ लिमिटेड का शुभारंभ किया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने 105 करोड़ रुपये की राशि सीधे जीविका निधि में ट्रांसफर की।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने बिहार सरकार द्वारा महिला सशक्तीकरण के लिए किए गए प्रयासों की सराहना की और कहा कि केंद्र सरकार बिहार के विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता देती है। उन्होंने कहा कि स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिलाएं आर्थिक रूप से मजबूत होंगी और इससे समाज व राज्य को नई दिशा मिलेगी।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने एक अणे मार्ग स्थित ‘संकल्प’ से कार्यक्रम में भाग लिया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने इस काम के लिए 1,000 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी है, जिसमें से 105 करोड़ रुपये की राशि आज जीविका निधि को हस्तांतरित की गई है। आने वाले समय में केंद्र सरकार भी 110 करोड़ रुपये की सहायता उपलब्ध कराएगी।

मुख्यमंत्री ने बताया कि वर्तमान में बिहार में 11 लाख स्वयं सहायता समूह सक्रिय हैं, जिनसे लगभग 1 करोड़ 40 लाख महिलाएं जुड़ी हुई हैं। शहरी क्षेत्रों में भी अब तक 37 हजार स्वयं सहायता समूह गठित किए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि इस पहल से ‘जीविका दीदियों’ को सस्ती ब्याज दर पर लोन उपलब्ध होगा, जिससे उनके व्यवसाय और रोजगार को बढ़ावा मिलेगा।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने राज्य सरकार की महिला सशक्तीकरण एवं कल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि पंचायती राज एवं नगर निकाय चुनावों में 50 प्रतिशत आरक्षण से लेकर सरकारी नौकरी में महिलाओं को 35 प्रतिशत आरक्षण तक की व्यवस्था की गई है। हाल ही में “मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना” शुरू की गई है जिसके अंतर्गत प्रत्येक परिवार की एक महिला को रोजगार प्रारंभ करने हेतु 10 हजार रुपये की सहायता दी जाएगी और बेहतर प्रदर्शन पर यह सहायता 2 लाख रुपये तक बढ़ाई जाएगी।

मुख्यमंत्री ने पेंशन योजनाओं, मुफ्त बिजली, युवाओं को नौकरी एवं रोजगार, नये उद्योगों में निवेश और विशेष आर्थिक सहायता जैसे राज्य सरकार के निर्णयों की जानकारी भी दी। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के सहयोग से बिहार में सड़क, स्वास्थ्य, उद्योग, पर्यटन और बाढ़ नियंत्रण जैसे क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर काम चल रहा है।

इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, विजय कुमार सिन्हा, ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार समेत कई वरीय अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में जीविका दीदियां वर्चुअल रूप से जुड़े। कार्यक्रम के दौरान बिहार राज्य जीविका निधि साख सहकारी संघ लिमिटेड पर एक वीडियो फिल्म भी प्रस्तुत की गई।

मुख्यमंत्री ने अंत में कहा कि यह कदम महिलाओं की आर्थिक गतिविधियों को नई गति देगा और उनके आत्मनिर्भर बनने से राज्य के विकास में नई ऊर्जा का संचार होगा।