Advertisement

पूसा : भाकपा-माले की बैठक में पदयात्रा को सफल बनाने का लिया गया निर्णय

*#भाकपा-माले की बैठक में पदयात्रा को सफल बनाने का लिया गया निर्णय

*#प्रखंड के ठहरा गोपालपुर में माले प्रखंड कमिटी की बैठक संपन्न

पूसा।सम्वाददाता ।

प्रखंड के ठहरा गोपालपुर में भाकपा-माले प्रखंड कमिटी की बैठक संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता भाकपा-माले प्रखंड सचिव अमित कुमार ने की। इसमें बतौर पर्यवेक्षक भाकपा-माले जिला सचिव प्रो. उमेश कुमार उपस्थित थे।

बैठक में पिछले कार्यों की समीक्षा, 24 जनवरी को पार्टी महासचिव के कार्यक्रम को सफल बनाने, लेवी नवीनीकरण, नयी सदस्यता, पार्टी पत्रिका लोकयुद्ध के पाठकों की संख्या बढ़ाने, गोपालपुर से बिरौली घाट तक अतिक्रमण मुक्त कराने, बिरौली व गढ़िया चौक पर गोलंबर का निर्माण, खेग्रामस का 18 जनवरी को प्रखंड मुख्यालय पर आंदोलन में जन भागीदारी सुनिश्चित करने, चंदौली के वार्ड 01 में अधर में लटकी नल-जल योजना का काम पूरा कराने, प्रखंड के सभी डीलर की मनमानी पर रोक लगाने, 24 से 30 जनवरी तक पूसा प्रखंड के विभिन्न पंचायतों- गांवों में पदयात्रा निकालने आदि पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।

बैठक को संबोधित करते हुए भाकपा-माले जिला सचिव प्रो. उमेश कुमार ने कहा कि भाकपा-माले देश के गणतंत्र और धर्मनिरपेक्षता के मूल्यों को बचाने के लिए पूरे बिहार में ‘संविधान बचाओ-लोकतंत्र बचाओ जनअभियान’ चलाएगी। इसके तहत 24 से 30 जनवरी तक गांव-गांव में पदयात्रा होगी। बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री जननायक कर्पूरी ठाकुर का जन्म दिन यानी 24 जनवरी से कर्पूरीग्राम (समस्तीपुर) से इस अभियान की शुरूआत होगी, जिसमें भाकपा-माले महासचिव का. दीपंकर भट्टाचार्य शामिल होंगे।
अपने इस अभियान के जरिए भाकपा-माले भाजपा के सांप्रदायिक उन्माद फैलाने की साजिशों का भंडाफोड़ करेगी और लोकतंत्र व संविधान को बचाने के अभियान को जन-जन तक पहुंचाएगी। मौके पर भाकपा-माले जिला कमिटी सदस्य जयंत कुमार, महेश कुमार, रौशन कुमार, सुरेश कुमार, रविन्द्र कुमार सिंह, दिनेश राय, सुनिता देवी, जितेन्द्र राय, भूपन तिवारी आदि मौजूद थे।