-पूर्वी चंपारण में स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर पिरामल टीम के साथ डीएम ने की मासिक समीक्षा बैठक
मोतिहारी, राजन द्विवेदी।
पूर्वी चंपारण जिले में स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में हो रहे प्रयासों की समीक्षा के लिए पिरामल फाउंडेशन टीम और जिला प्रशासन के बीच मासिक समीक्षा बैठक हुई। इस बैठक की अध्यक्षता जिला पदाधिकारी सौरभ जोरवाल ने की।
पिरामल फाउंडेशन की ओर से जिला प्रबंधक मुकेश कुमार के नेतृत्व में चल रहे स्वास्थ्य कार्यक्रमों में संस्थान द्वारा दिए जा रहे सहयोग पर विस्तृत जानकारी दी गई।
बैठक में पिरामल टीम के सदस्य आरुनेन्द्र कुमार (डी.भी.सी.), रानी कुमारी गुप्ता (एस.ओ.एच.) के साथ गांधी फेलो बैच 17 एवं 18 के फेलोज़— अशोक कुमार चौधरी, वर्षा कुमारी, काजल यादव, हर्षित शुक्ला, बृजेश मिश्रा, साहिल कुमार और मोहम्मद शाहीन ने अपने अनुभव साझा किए।

बता दें कि पिरामल फाउंडेशन के गांधी फेलोशिप कार्यक्रम में युवा स्नातक 23 महीने का कोर्स पूरा करते हुए देश निर्माण में अपना योगदान देते हैं। इस कार्यक्रम के माध्यम से युवा नेतृत्व, प्रशासनिक सहयोग और सामुदायिक विकास जैसे क्षेत्रों में कार्य करते हैं।
जिला पदाधिकारी ने सभी फेलोज़ से व्यक्तिगत रूप से संवाद किया और उनके कार्यों की सराहना करते हुए हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया।
पिरामल टीम ने सदर अस्पताल, मोतिहारी को राष्ट्रीय गुणवत्ता प्रमाणन दिलाने के लिए चिकित्सा पदाधिकारी की नियुक्ति एवं कार्य योजना को समयबद्ध तरीके से लागू करने के सुझाव दिए। इसके अलावा मासिक स्वास्थ्य समीक्षा बैठकों में प्रगति की रिपोर्टिंग सुनिश्चित करने, वीएचएसएनडी साइट्स पर गर्भवती महिलाओं का पंजीकरण, स्वास्थ्य जांच और 30 वर्ष से अधिक आयु के लोगों की नियमित जांच के भी सुझाव रखे गए।
बैठक के अंत में जिला पदाधिकारी ने स्वास्थ्य विभाग की एक विशेष बैठक जल्द बुलाने का आश्वासन दिया और पिरामल टीम को सभी स्तरों पर सहयोग देने के निर्देश दिए।












